LOADING...
तीसरे टी-20 में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को हराया, मैच में बने ये रिकॉर्ड्स
कार्तिक ने 21 गेंदों में 46 रन बनाए (तस्वीर: ट्विटर/@BCCI)

तीसरे टी-20 में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को हराया, मैच में बने ये रिकॉर्ड्स

Oct 04, 2022
10:39 pm

क्या है खबर?

इंदौर में खेले गए तीसरे और आखिरी टी-20 में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 49 रनों से हरा दिया है। इस शिकस्त के बावजूद भारत ने सीरीज को 2-1 से जीत लिया है। दक्षिण अफ्रीका ने पहले खेलते हुए रिले रोसौव के शतक (100*) की मदद से तीन विकेट खोकर 227 रन बनाए थे। बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 19वें ओवर में 178 रन पर ऑलआउट हो गई। मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा

ऐसा रहा मुकाबला

दक्षिण अफ्रीका ने 30 के स्कोर पर बावुमा (3) का विकेट गंवाया। वहीं क्विंटन डिकॉक और रिले रोसौव ने 90 रनों की साझेदारी कर डाली। डिकॉक ने अर्धशतक जबकि रोसौव ने शतक लगाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में भारत ने चार के स्कोर तक रोहित शर्मा (0) और श्रेयस अय्यर (1) के विकेट गंवा दिए। आज शीर्षक्रम में खेलने उतरे दिनेश कार्तिक (46) ने उम्दा पारी खेली लेकिन भारतीय टीम नियमित अंतराल में विकेट गंवाती चली गई।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

यह छठा ऐसा मौका है जब भारतीय टीम ने रोहित शर्मा की कप्तानी में 200 से ज्यादा रन लुटाए हैं। उनसे ज्यादा सिर्फ धोनी ऐसे भारतीय कप्तान हैं, जिनकी अगुवाई में खेलते हुए भारतीय टीम ने सात बार 200 से अधिक रन दिए थे।

Advertisement

डिकॉक

डिकॉक ने पूरे किए अपने 2,000 रन

डिकॉक ने जोरदार बल्लेबाजी की और केवल 33 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 43 गेंदों में 68 रन बनाए। इस बीच उन्होंने अपने 2,000 रन पूरे किए हैं और वह सबसे तेज ऐसा करने वाले दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज बने हैं। कुल मिलाकर वह विश्व के सातवें सबसे तेज 2,000 टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले बल्लेबाज बने हैं। मोहम्मद रिजवान और बाबर आजम ने संयुक्त रूप से सबसे तेज 52 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की है।

Advertisement

रिकॉर्ड

डिकॉक ने भारत के खिलाफ बनाया बड़ा रिकॉर्ड

डिकॉक को भारत के खिलाफ बल्लेबाजी करना काफी पसंद आता है और आज उन्होंने इसका उदाहरण फिर से पेश किया। यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के खिलाफ उनकी चौथी 50 या उससे अधिक रनों की पारी है। वह संयुक्त रूप से सबसे अधिक बार भारत के खिलाफ ऐसा करने वाले बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले कॉलिन मुनरो और निकोलस पूरन ने भी भारत के खिलाफ चार बार 50 या उससे अधिक रनों की पारी खेली है।

शतकीय पारी

रिले रोसौव ने लगाया शतक

पांचवें ओवर में बल्लेबाजी करने आए रिले रोसौव ने डिकॉक के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 90 रनों की अहम साझेदारी की थी। 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा करने के बाद भी रोसौव रुके नहीं और उन्होंने 48 गेंदों में इस फॉर्मेट में अपना पहला शतक पूरा किया। अपने शतक तक पहुंचने के लिए रोसौव ने सात चौके और आठ छक्के लगाए। वह आखिरी तक बल्लेबाजी करते हुए 100 रन बनाकर नाबाद लौटे।

एलीट क्लब

इस क्लब में शामिल हुए रोसौव

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में शतक लगाने वाले रोसौव दक्षिण अफ्रीका के पांचवें बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले रिचर्ड लेवी, मोर्ने वान विक, फाफ डू प्लेसी और डेविड मिलर इस उपलब्धि को हासिल कर चुके हैं। मिलर इकलौते दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज हैं जिन्होंने इस फॉर्मेट में दो शतक लगाए हैं। मिलर ने अपना दूसरा शतक भारत के खिलाफ चल रही इसी सीरीज के दूसरे मुकाबले में लगाया था। उन्होंने 47 गेंदों में नाबाद 106 रनों की पारी खेली थी।

भारतीय टीम

भारत ने सीरीज जीतकर बनाए ये रिकॉर्ड्स

भारत ने घर पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहली बार टी-20 सीरीज जीती है। इस मैच से पहले दक्षिण अफ्रीका ने 2010 के बाद से भारतीय जमीं पर सीमित ओवरों की सीरीज नहीं हारी थी। प्रोटियाज ने आखिरी बार भारत में एक सीरीज गंवाई थी जब सचिन तेंदुलकर ने पुरुषों के वनडे मैचों में पहला दोहरा शतक लगाया था। भारत ने फरवरी 2019 के बाद से घर में एक भी टी-20 सीरीज नहीं हारी है।

Advertisement