Page Loader
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका, तीसरा टी-20: क्विंटन डिकॉक ने पूरे किए 2,000 रन, बनाए ये रिकॉर्ड्स
डिक़ॉक ने पूरे किए 2,000 टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन (तस्वीर: ट्विटर/ICC)

भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका, तीसरा टी-20: क्विंटन डिकॉक ने पूरे किए 2,000 रन, बनाए ये रिकॉर्ड्स

लेखन Neeraj Pandey
Oct 04, 2022
09:08 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीसरा टी-20 मुकाबला इंदौर में खेला जा रहा है। दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपने 2,000 रन पूरे किए हैं। वह 2,000 रन पूरे करने वाले दक्षिण अफ्रीका के दूसरे बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले डेविड मिलर ही केवल ऐसा कर पाए थे। आइए जानते हैं अर्धशतक लगाते हुए डिकॉक ने क्या रिकॉर्ड्स बनाए हैं।

रिकॉर्ड

सबसे तेज 2,000 टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज बने डिकॉक

पहला विकेट जल्दी गिरने के बावजूद क्विंटन डिकॉक ने जोरदार बल्लेबाजी जारी रखी और केवल 33 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। डिकॉक ने 71 पारियों में अपने 2,000 रन पूरे किए हैं और सबसे तेज ऐसा करने वाले दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज बने हैं। कुल मिलाकर वह विश्व के सातवें सबसे तेज 2,000 टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले बल्लेबाज बने हैं। मोहम्मद रिजवान और बाबर आजम ने संयुक्त रूप से सबसे तेज 52 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की है।

उपलब्धि

डिकॉक ने भारत के खिलाफ बनाया बड़ा रिकॉर्ड

डिकॉक को भारत के खिलाफ बल्लेबाजी करना काफी पसंद आता है और आज उन्होंने इसका उदाहरण फिर से पेश किया। यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के खिलाफ उनकी चौथी 50 या उससे अधिक रनों की पारी है। वह संयुक्त रूप से सबसे अधिक बार भारत के खिलाफ ऐसा करने वाले बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले कॉलिन मुनरो और निकोलस पूरन ने भी भारत के खिलाफ चार बार 50 या उससे अधिक रनों की पारी खेली है।

करियर

ऐसा रहा है डिकॉक का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर

डिकॉक ने अब तक खेले 72 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की 71 पारियों में 32.25 की औसत के साथ 2,032 रन बनाए हैं। उन्होंने अब तक इस फॉर्मेट में 13 अर्धशतक लगाए हैं। टी-20 अंतरराष्ट्रीय में उनका स्ट्राइक-रेट 134.13 का रहा है। उन्होंने अब तक इस फॉर्मेट में 206 चौके और 73 छक्के लगाए हैं। इस फॉर्मेट में 79 उनका सर्वोच्च स्कोर रहा है। वह आठ बार नाबाद रहे हैं।