Page Loader
राष्ट्रमंडल खेल 2022: भारत की सात्विक-चिराग की जोड़ी ने बैडमिंटन में जीता स्वर्ण पदक
सात्विक-चिराग की जोड़ी ने जीता स्वर्ण पदक (तस्वीर: ट्विटर/@VVSLaxman281)

राष्ट्रमंडल खेल 2022: भारत की सात्विक-चिराग की जोड़ी ने बैडमिंटन में जीता स्वर्ण पदक

Aug 08, 2022
06:07 pm

क्या है खबर?

राष्ट्रमंडल खेल 2022 में बैडमिंटन में सात्विक साईराज और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने भारत को एक और स्वर्ण पदक दिलाया है। पुरुषों के युगल फाइनल मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने इंग्लैंड की लेन बेन और वेंडी सीन की जोड़ी को 21-15, 21-13 से हराकर स्वर्ण पर कब्जा जमाया है। यह बर्मिंघम खेलों में भारत को बैडमिंटन में मिलने वाला तीसरा स्वर्ण है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

सफर

सात्विक-चिराग का ऐसा रहा सफर

सात्विक-चिराग की जोड़ी ने अपने पहले मैच में पाकिस्तान के अली मुराद और मुहम्मद इरफान सईद को 21-8, 21-7 से हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की थी। वहीं क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने ऑस्ट्रेलिया के शूएलर जैकब और तांग नाथन की जोड़ी को सीधे गेम में हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था। इसके बाद सेमीफाइनल में सात्विक-चिराग ने मलेशिया के चान पेंग सून और टैन कियान मेंगो को 21-6, 21-15 से हरा दिया था।

स्वर्ण

सिंधु और लक्ष्य ने भी जीते स्वर्ण

इससे पहले पुरुष एकल वर्ग के फाइनल में लक्ष्य सेन ने मलेशिया के जी योंग एनजी को तीन गेम तक चले मुकाबले में 19-21, 21-9, 21-16 से हराकर स्वर्ण पदक जीता है। वहीं पीवी सिंधु ने महिलाओं के एकल वर्ग के फाइनल में कनाडा की मिशेल ली को सीधे गेम में 21-15, 21-13 से हरा दिया है। यह राष्ट्रमंडल खेलों में सिंधु का पहला स्वर्ण पदक है।

बैडमिंटन

इस संस्करण में भारत को बैडमिंटन में मिल कुल छह पदक

राष्ट्रमंडल खेल 2022 में बैडमिंटन में भारत ने कुल छह पदक जीते हैं। पीवी सिंधु, लक्ष्य सेन और सात्विक-चिराग ने अपने-अपने वर्ग में स्वर्ण जीते हैं। वहीं किदाम्बी श्रीकांत को इस बार कांस्य पदक मिला है। वह सेमीफाइनल में हार गए थे। इनेक आलावा त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने महिला युगल में कांस्य पदक जीतने में सफलता हासिल की है। इनके अलावा मिश्रित टीम स्पर्धा में भारत को रजत पदक मिला है।

जानकारी

भारत ने जीते कुल 22 स्वर्ण पदक

राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भारत ने अपने अभियान का समापन कुल 61 पदक के साथ किया है, जिसमें 22 स्वर्ण शामिल हैं। भारत की झोली में 16 रजत और 23 कांस्य भी आए हैं। फिलहाल पदक तालिका में भारत चौथे स्थान पर है।