विजय हजारे ट्रॉफी 2022: रुतुराज गायकवाड़ ने फिर जड़ा शतक, बनाए ये शानदार रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
विजय हजारे ट्रॉफी 2022 में महाराष्ट्र की कप्तानी करने वाले रुतुराज गायकवाड़ ने शानदार प्रदर्शन किया है।
उन्होंने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में सौराष्ट्र के खिलाफ शानदार शतक (108) लगाया है। यह मौजूदा टूर्नामेंट में उनका लगातार तीसरा शतक है।
गायकवाड़ के शतक के बावजूद फाइनल मुकाबले में महाराष्ट्र को सौराष्ट्र के खिलाफ हार झेलनी पड़ी है।
आइए उनके इस सीजन के प्रदर्शन पर आंकड़ों के जरिए एक नजर डालते हैं।
शतकीय पारी
फाइनल में ऐसी रही गायकवाड़ की बल्लेबाजी
महाराष्ट्र ने महज 8 रन के कुल योग पर सलामी बल्लेबाज पवन शाह (4) का विकेट गंवा दिया था। ऐसे में गायकवाड़ ने शुरू में धीमी बल्लेबाजी की और 50 रन तक पहुंचने के लिए 96 गेंदों का सहारा लिया।
हालांकि, क्रीज पर टिक जाने के बाद उन्होंने 125 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया।
उन्होंने 131 गेंदों में सात चौकों और चार छक्कों की मदद से 108 रन बनाए। वह दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से रन आउट हुए।
शतक
गायकवाड़ ने लगाया लगातार तीसरा शतक
गायकवाड़ का यह लगातार तीसरा शतक है। इससे पहले उन्होंने उत्तर प्रदेश के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में नाबाद 220 रन और सेमीफाइनल में असम के खिलाफ 168 रन बनाए थे।
गायकवाड़ ने विजय हजारे ट्रॉफी के इस सीजन में अब तक पांच मैचों में 220.00 की औसत से 660 रन बनाए हैं, जिसमें चार शतक शामिल हैं।
उन्होंने ये रन 113.59 की स्ट्राइक रेट से अपने नाम किए हैं।
जानकारी
पिछली 10 पारियों में जड़े हैं आठ शतक
विजय हजारे ट्रॉफी में गायकवाड़ ने अपने पिछले 10 मैचों में से आठ में शतक लगाए हैं। इस दौरान उन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 108, 168, 220*, 40, 124*, 168, 21, 124, 154*, और 136 के स्कोर बनाए हैं।
लिस्ट-A करियर
गायकवाड़ ने पूरे किए 4,000 रन
गायकवाड़ ने अपने लिस्ट-A करियर में 4,000 रन भी पूरे कर लिए हैं। अब उनके कुल 4,034 रन हो गए हैं।
गायकवाड़ का दूसरी बार विजय हजारे ट्रॉफी में लगातार तीन शतक लगाने का कारनामा किया है। वह इस टूर्नामेंट के दो अलग-अलग संस्करणों में चार या अधिक शतक लगाने करने वाले पहले बल्लेबाज भी बने हैं।
गायकवाड़ के अब विजय हजारे ट्रॉफी में 12 शतक हैं, जो किसी भी बल्लेबाज द्वारा बनाए गए शतकों की संख्या से अधिक है।
रिकॉर्ड
गायकवाड़ ने एक ओवर में लगाए सात छक्के
गायकवाड़ ने क्वार्टर फाइनल में उत्तर प्रदेश के खिलाफ दोहरा शतक (220*) लगाया था।
उन्होंने पारी का 49वां ओवर फेंकने आए शिवा सिंह के ओवर में लगातार सात छक्के (एक नो बॉल पर) लगाकर इतिहास रच दिया है।
वह लिस्ट-A क्रिकेट में ऐसा कारनामा करने वाले विश्व के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
बाएं हाथ के स्पिनर शिवा एक ओवर में संयुक्त रूप से सर्वाधिक रन (43) लुटाने वाले गेंदबाज बन गए हैं।
औसत
लिस्ट-A क्रिकेट का सर्वश्रेष्ठ औसत
गायकवाड़ अब लिस्ट-A क्रिकेट के इतिहास में सर्वोच्च औसत (61.12) वाले बल्लेबाज हैं।
उन्होंने अब तक 71 मैचों में 15 शतकों और 16 अर्धशतकों की मदद से 100 से अधिक की स्ट्राइक रखते हुए 4,034 रन बनाए हैं। जबकि 50 ओवर प्रारूप में किसी अन्य बल्लेबाज का औसत 60 से अधिक नहीं है। इंग्लैंड के सैम हैन (58.54) दूसरे स्थान पर हैं।
भारतीयों में विराट कोहली (56.5) गायकवाड़ के सबसे निकटतम प्रतिद्वंद्वी हैं।