Page Loader
भारत बनाम अफगानिस्तान: रोहित शर्मा टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बने, जानिए आंकड़े
रोहित शर्मा ने जड़ा 5 टी-20 अंतरराष्ट्रीय शतक (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

भारत बनाम अफगानिस्तान: रोहित शर्मा टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बने, जानिए आंकड़े

Jan 17, 2024
08:37 pm

क्या है खबर?

अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ खेले जा रहे 3 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज के आखिरी मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने शानदार शतकीय (121*) पारी खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 5वां शतक रहा, जिसे उन्होंने 64 गेंदों में पूरा किया। इसके साथ ही वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उनके शतक की बदौलत ही भारतीय टीम मैच में 200 से अधिक का स्कोर बनाने में कामयाब रही।

पारी

ऐसी रही रोहित की पारी और साझेदारी

रोहित के सामने महज 22 रन के कुल स्कोर पर यशस्वी जायसवाल (6), विराट कोहली (0), शिवम दुबे (1) और संजू सैमसन (0) के रूप में 4 अहम विकेट गिर चुके थे। इसके बाद उन्होंने रिंकू सिंह (69*) के साथ पारी को आगे बढ़ाया और फिर हाथ खोलते हुए तूफानी पारी खेली। वह 69 गेंदों में 11 चौके और 8 छक्के की मदद से 121 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने रिंकू के साथ 190* रन की रिकॉर्ड साझेदारी की।

उपलब्धि

रोहित ने इन बल्लेबाजों को पछाड़ा

रोहित ने इस शतकीय पारी के साथ टी-20 अंतरराष्ट्रीय में शतक जड़ने के मामले में भारतीय बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव और ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल को पीछे छोड़ दिया है। इन दोनों बल्लेबाजों के नाम इस प्रारूप में 4-4 शतक हैं। इन दोनों के अलावा पाकिस्तान के बाबर आजम, न्यूजीलैंड के कॉलिन मुनरो और चेक रिपब्लिक के सबावून डेविसी 3-3 शतकों के साथ तीसरे पायदान पर हैं।

उपलब्धि

रोहित बतौर कप्तान सर्वाधिक टी-20 रन बनाने वाले भारतीय बने

रोहित ने इस पारी के दौरान अपने नाम एक और रिकॉर्ड दर्ज कराया है। 44वां रन बनाते ही वह विराट कोहली को पीछे छोड़ते हुए टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक (54 मैच में 1,648) रन बनाने वाले भारतीय कप्तान बन गए हैं। कोहली ने 50 टी-20 में भारत का नेतृत्व करते हुए 47.57 की औसत से 1,570 रन बनाए हैं, जिसमें 13 अर्धशतक शामिल हैं। रोहित इस मामले में आरोन फिंच, बाबर आजम और केन विलियमसन से पीछे हैं।

उपलब्धि

रोहित ने इस मामले में की बाबर की बराबरी

रोहित ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में क्रिकेट में भारत का नेतृत्व करते हुए 3 शतक और 11 अर्धशतक लगाए हैं। उन्होंने इस मामले में अब पाकिस्तान के कप्तान बाबर की बराबरी कर ली है। इसी तरह वह कोहली और महेंद्र सिंह धोनी के बाद कप्तान के रूप में 1,000 से अधिक टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी हैं। रोहित और कोहली के नाम 1,500 से अधिक रन हैं, जबकि धोनी ने कप्तान के रूप में 1,112 रन बनाए हैं।

उपलब्धि

रोहित ने भारत में पूरे किए 300 छक्के

रोहित ने पारी में कुल 8 छक्के जड़े। इसके साथ ही वह भारतीय धरती पर 300 छक्के पूरे करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। इस पारी के बाद उनके भारत में 301 छक्के हो गए हैं। इसी तरह वह किसी एक देश में सर्वाधिक छक्के जड़ने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं। इस मामले में दूसरे पायदान पर मार्टिन गुप्टिल (256) और तीसरे पर ब्रैंडन मैकुलम (230) हैं। दोनों में न्यूजीलैंड की धरती पर ये छक्के लगाए हैं।

जानकारी

रोहित बने सर्वाधिक छक्के जड़ने वाले कप्तान

रोहित ने इस पारी के दौरान एक रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा छक्के (90) लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। रोहित ने इयोन मोर्गन का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिनके कप्तान के तौर पर 86 छक्के हैं।

करियर

रोहित के टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर पर एक नजर

रोहित ने साल 2007 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। वह अब तक 151 टी-20 मैच खेल चुके हैं, जिसकी 143 पारियों में 31.79 की औसत और लगभग 140 की स्ट्राइक रेट से 3,974 रन अपने नाम कर चुके हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर भी इस मैच में आया है। वह इस प्रारूप में 5 शतक के अलावा 30 अर्धशतक भी लगा चुके हैं। वह 18 बार नाबाद भी रहे हैं।