
ऋषभ पंत इंग्लैंड में 1,000 टेस्ट रन पूरे करने वाले पहले मेहमान विकेटकीपर बने, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी 2025 के दौरान अहम उपलब्धि हासिल की। दरअसल, उन्होंने इंग्लैंड की धरती पर खेलते हुए अपने 1,000 टेस्ट रन पूरे किए। वह इस टीम के विरुद्ध ये आंकड़ा छूने वाले सिर्फ छठे भारतीय बल्लेबाज बने हैं। दिलचस्प रूप से पंत पहले ऐसे विदेशी विकेटकीपर बने हैं, जिन्होंने इंग्लैंड में 1,000 टेस्ट रन बनाए हैं। आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पंत
इस सूची में शामिल हुए पंत
पंत से पहले सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, सुनील गावस्कर, विराट कोहली और केएल राहुल ऐसा कर चुके हैं। तेंदुलकर ने इंग्लैंड में 54.31 की औसत के साथ 1,575 रन बनाए थे। द्रविड़ ने इंग्लैंड में 68.80 की औसत के साथ 1,376 रन बनाए थे। गावस्कर ने 41.14 की औसत से 41.14 रन बनाए थे। कोहली ने यहां पर 33 पारियों में 33.21 की औसत से 1,096 रन बनाए थे। राहुल ने 41.40 की औसत से 1000+ रन बनाए हैं।
आंकड़े
पंत ने हासिल की उपलब्धि
क्रिकइंफो के अनुसार, पंत इंग्लैंड की धरती पर बतौर विकेटकीपर 1,000 टेस्ट रन पूरे करने वाले पहले मेहमान खिलाड़ी हैं। उन्होंने इंग्लैंड में 13 टेस्ट की 24 पारियों में ये मुकाम हासिल किया है। किसी भी अन्य मेहमान विकेटकीपर ने इस मामले में 800 से ज्यादा रन नहीं बनाए हैं। पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इंग्लैंड में 778 टेस्ट रनों के साथ पंत से पीछे हैं।
टेस्ट करियर
शानदार चल रहा है पंत का टेस्ट करियर
पंत ने अपना पहला टेस्ट मैच साल 2018 में इंग्लैंड के ही खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 47 मुकाबले खेले हैं और इसकी 82 पारियों में लगभग 45 की औसत से 3,400 से अधिक रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 8 शतक के अलावा 17 अर्धशतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 159* रन रहा है। पंत टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में दूसरे सबसे तेज 3,000 रन बनाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज हैं।