Page Loader
IPL 2021: ये रहे सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ी, 10 करोड़ से ऊपर रही सबकी कीमत

IPL 2021: ये रहे सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ी, 10 करोड़ से ऊपर रही सबकी कीमत

लेखन Neeraj Pandey
Feb 19, 2021
06:04 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2021 की नीलामी में कुल 57 खिलाड़ी बिके जिनमें 22 खिलाड़ी विदेशी रहे। हर बार की तरह इस बार भी फ्रेंचाइजियों ने विदेशी खिलाड़ियों पर जमकर पैसा खर्च किया। पंजाब किंग्स ने सबसे अधिक नौ खिलाड़ी खरीदे। नीलामी में सभी आठ टीमों ने मिलकर 145 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए। दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइटराइडर्स, राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने आठ-आठ खिलाड़ियों की खरीद की। एक नजर सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ियों पर।

क्रिस मॉरिस

मॉरिस बने लीग इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी

IPL 2021 की नीलामी में क्रिस मॉरिस को राजस्थान रॉयल्स (RR) ने 16.25 करोड़ रुपये में अपने साथ शामिल किया है। इसके साथ ही वह IPL इतिहास के सबसे महंगे खिलाडी बन गए हैं। उन्होंने IPL 2015 के लिए सबसे महंगे बिके युवराज सिंह को पीछे छोड़ दिया है। बता दें युवराज 16 करोड़ के साथ अब दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। पिछले सीजन 10 करोड़ रूपये में बिके मॉरिस ने नौ मैचों में 11 विकेट हासिल किए थे।

काइल जैमिसन

जैमिसन के लिए लगी काफी बड़ी बोली

न्यूजीलैंड के 26 वर्षीय दाएं हाथ के तेज गेंदबाज काइल जैमिसन के हाथों बड़ा जैकपॉट लगा है। जैमिसन को RCB ने 15 करोड़ रुपये की कीमत में खरीदा है। हालिया समय में न्यूजीलैंड के लिए टेस्ट क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले जैमिसन के पास 38 टी-20 मुकाबले खेलने का अनुभव है। उन्होंने इन मैचों में 54 विकेट अपने नाम किए हैं। सात रन देकर छह विकेट लेना टी-20 में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

ग्लेन मैक्सवेल

एक बार फिर हुई मैक्सवेल पर पैसों की बारिश

पिछले सीजन 13 मैचों की 11 पारियों में 15.42 की औसत के साथ केवल 108 रन ही बना सकने वाले ग्लेन मैक्सवेल पर एक बार फिर पैसों की बारिश हुई है। इस बार मैक्सवेल को RCB ने 14.25 करोड़ रुपये की कीमत में खरीदा है। पिछले सीजन पंजाब किंग्स ने मैक्सवेल को 10.75 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन वह पूरे सीजन संघर्ष करते रहे। मैक्सवेल पिछले सीजन एक छक्का तक नहीं लगा सके थे।

झाई रिचर्डसन

रिचर्डसन पहली बार में ही बने करोड़पति

24 वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज झाई रिचर्डसन पहली बार IPL खेलते दिखेंगे और पहली बार में ही वह करोड़पति बन गए हैं। रिचर्डसन को पंजाब किंग्स ने 14 करोड़ रुपये की बड़ी कीमत में खरीदा है। हाल ही में समाप्त हुई बिग बैश लीग (BBL) में रिचर्डसन सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे। उन्होंने 17 मैचों में सबसे अधिक 29 विकेट हासिल किए थे, लेकिन उनकी टीम खिताब नहीं जीत सकी थी।