IPL 2021 नीलामी: ग्लेन मैक्सवेल को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 14.25 करोड़ रुपये में खरीदा

ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आगामी सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की ओर से खेलेंगे। उन्हें RCB ने 14.25 करोड़ रूपये में अपने साथ शामिल किया है। मैक्सवेल इस बार नीलामी में दो करोड़ रुपये के बेस प्राइस पर उपलब्ध थे। बता दें पिछले सीजन में मैक्सवेल किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) की ओर से खेलते हुए नजर आए थे। आइए एक नजर डालते हैं पूरी खबर पर।
IPL 2021 में मैक्सवेल विराट कोहली की कप्तानी में खेलते हुए नजर आने वाले हैं। उनके अलावा टीम में एबी डिविलियर्स जैसे दिग्गज बल्लेबाज मौजूद हैं। उनका हालिया प्रदर्शन भी शानदार रहा है। दाएं हाथ के बल्लेबाज मैक्सवेल हाल ही में समाप्त हुए बिग बैश लीग (BBL)के 10वें सीजन में तीन अर्धशतक की मदद से 379 रन बनाए थे। मैक्सवेल ने टूर्नामेंट में 17 छक्के लगाए और गेंदबाजी में सात विकेट झटके थे।
मैक्सवेल को खरीदने के लिए CSK और RCB के बीच जद्दोजहद देखने को मिली, जिसमें अंततः RCB ने बाजी मारी। इससे पहले भी मैक्सवेल IPL में महंगे दाम में जाते रहे हैं। पिछले सीजन में पंजाब किंग्स ने उन्हें 10.75 करोड़ और IPL 2019 में दिल्ली कैपिटल्स ने नौ करोड़ रुपये में खरीदा था। इससे पहले मैक्सवेल को पंजाब ने IPL 2014 में छह करोड़ और IPL 2013 में मुंबई इंडियंस ने 5.3 करोड़ रुपये में खरीदा था।
किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) ने ऑस्ट्रेलिया के आक्रामक ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल को 10.75 करोड़ रूपये की कीमत में खरीदा था। मैक्सवेल 13 मैचों की 11 पारियों में 15.42 की औसत के साथ केवल 108 रन ही बना सके। मैक्सवेल इस कदर संघर्ष कर रहे थे कि पूरे सीजन में वह एक छक्का नहीं लगा सके। 21 ओवर की गेंदबाजी में मैक्सवेल ने तीन विकेट हासिल किए और KXIP को बुरी तरह निराश किया।
धाकड़ बल्लेबाज मैक्सवेल ने अब तक अपने IPL करियर में 82 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 22.13 की औसत और 154.67 के स्ट्राइक रेट से 1,505 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 95 के बेस्ट स्कोर के साथ छह अर्धशतक लगाए हैं।
बड़ी धनराशि में खरीदे गए मैक्सवेल KXIP के लिए अपनी उपयोगिता सिद्ध नहीं कर सके थे। KXIP की ओर से मैक्सवेल मध्यक्रम में मैच फिनिशर की भूमिका नहीं निभा सके थे। उनकी टीम ने कुछ मैच बड़े करीबी अंतर से हारे थे। यही टीम के निराशजनक प्रदर्शन का मुख्य कारण भी बना। KXIP प्ले-ऑफ में अपनी जगह नहीं बना सकी थी और लीग स्टेज के छह मैच जीतकर अंक तालिका में छठे स्थान पर रही थी।
IPL 2014 में मैक्सवेल तीन बार नर्वस नाइंटीज में आउट हुए थे। डेविड वॉर्नर के साथ वो संयुक्त रूप से सबसे अधिक बार एक ही सीजन में नर्वस नाइंटीज में आउट होने वाले खिलाड़ी हैं।