PSL छोड़ IPL का हिस्सा बने ब्लेसिंग मुजारबानी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर सकती है PCB
क्या है खबर?
जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजारबानी को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) सख्त नजर आ रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, बोर्ड उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई पर विचार कर रहा है। दरअसल, मुजारबानी ने आखिरी समय में पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) से अपना नाम वापस ले लिया और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खेलने का फैसला किया। उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने अपने दल में शामिल किया है। वह मुस्तफिजूर रहमान की जगह खेलते नजर आएंगे।
अनुबंध
1.1 करोड़ पाकिस्तानी रुपये में PSL का हिस्सा बने थे मुजारबानी
मुजारबानी को PSL में इस्लामाबाद यूनाइटेड ने करीब 1.1 करोड़ पाकिस्तानी रुपये में अपने दल में शामिल किया था। हालांकि, भारतीय फ्रेंचाइजी के प्रस्ताव के बाद उन्होंने PSL की जगह IPL में खेलने का फैसला कर लिया। अब PCB 29 वर्षीय तेज गेंदबाज पर अनुबंध तोड़ने के मामले में कानूनी कार्रवाई पर विचार कर रहा है। यह पहली बार नहीं है जब किसी खिलाड़ी ने दोनों लीग साथ होने पर IPL को चुना है।
संस्करण
कॉर्बिन बॉश ने भी पिछले संस्करण में छोड़ा था PSL
पिछले सीजन में दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर कॉर्बिन बॉश को पेशावर जल्मी ने डायमंड पिक के रूप में चुना था, लेकिन बाद में वह मुंबई इंडियंस (MI) में शामिल हो गए थे। मुजारबानी को इस्लामाबाद यूनाइटेड ने शमार जोसेफ का रिप्लेसमेंट बनाया था। हालांकि, उन्होंने KKR में खेलने का फैसला किया, जिससे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड नाराज है। वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के स्पिन गेंदबाज गुडाकेश मोती ने भी PSL 2026 से अपना नाम वापस ले लिया है।
PSL
कब से शुरू होगा PSL?
PSL 2026 की शुरुआत 26 मार्च से होने जा रही है। मौजूदा विजेता लाहौर कलंदर्स उद्घाटन मुकाबले में नई टीम हैदराबाद किंग्समेन से भिड़ेगी। लाहौर हाल के वर्षों में बेहद सफल रही है और उसने पिछले 4 में से 3 खिताब जीते हैं। पिछले साल गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए रोमांचक फाइनल में भी लाहौर ने शानदार जीत दर्ज की थी। लाहौर कलंदर्स मोती की जगह श्रीलंका क्रिकेट टीम के युवा ऑलराउंडर दुनिथ वेलालगे को शामिल करने वाली है।
परेशानी
अन्य खिलाड़ियों को नहीं होगी परेशानी
टी-20 विश्व कप के बाद यात्रा से जुड़ी परेशानियों का PSL में वेस्टइंडीज खिलाड़ियों की उपलब्धता पर ज्यादा असर पड़ने की उम्मीद नहीं है। विश्व कप टीम के जिन खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था, उनमें से केवल मोती को ही इस प्रतियोगिता की किसी टीम ने अनुबंधित किया था। वहीं, दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम को भी अपने देश लौटने में देरी हुई थी, लेकिन उनकी विश्व कप टीम का कोई खिलाड़ी इस प्रतियोगिता का हिस्सा नहीं है।