पाकिस्तान बनाम श्रीलंका: डेब्यू टेस्ट में 7 विकेट लेकर साकिब खान ने बनाए ये रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज साकिब खान ने रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने पहले टेस्ट में शानदार गेंदबाजी की। पहली पारी में पाकिस्तान ने 434/9 रन बनाकर पारी घोषित की थी। जवाब में श्रीलंका ने 5 विकेट पर 404 रन बना लिए थे। हालांकि, साकिब ने 7 विकेट लेकर चौथे दिन श्रीलंका की पारी 446 रन पर समेट दी। उन्होंने 130 रन देकर 7 विकेट हासिल किए और डेब्यू टेस्ट में कई रिकॉर्ड्स बनाए।
गेंदबाजी
ऐसी रही साकिब की गेंदबाजी
दूसरे दिन साकिब ने लाहिरू उदारा और दिनेश चांदीमल को आउट कर श्रीलंका का स्कोर 65/3 कर दिया था।
हालांकि, कामिंदु मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा और कुसल मेंडिस ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अगले दिन टीम को 400 रन के पार पहुंचाया।
चौथे दिन सुबह साकिब ने श्रीलंका के मध्यक्रम को झकझोर दिया। टीम ने 404/4 से आगे खेलते हुए केवल 42 रन जोड़कर अपने 6 विकेट गंवा दिए।
साकिब ने 34 ओवर में 130 रन देकर 7 विकेट लिए।
दूसरे
ऐसा करने वाले पाकिस्तान के सिर्फ दूसरे तेज गेंदबाज बने साकिब
साकिब टेस्ट डेब्यू में 7 विकेट लेने वाले पाकिस्तान के दूसरे तेज गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने इस उपलब्धि के साथ मोहम्मद जाहिद के रिकॉर्ड की बराबरी की।
जाहिद ने नवंबर 1996 में रावलपिंडी में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने पहले टेस्ट मैच में 66 रन देकर 7 विकेट हासिल किए थे।
अब साकिब ने भी श्रीलंका के खिलाफ रावलपिंडी टेस्ट में 7 विकेट लेकर इस खास सूची में अपना नाम दर्ज करा लिया है।
डेब्यू
ऐसा करने वाले पाकिस्तान के चौथे गेंदबाज बने साबिक
साकिब टेस्ट डेब्यू पर एक पारी में 7 विकेट लेने वाले पाकिस्तान के चौथे गेंदबाज बन गए हैं।
इस सूची में मोहम्मद जाहिद शीर्ष पर हैं। उनके बाद स्पिनर मोहम्मद नजीर (7/99 बनाम न्यूजीलैंड, 1969) और अबरार अहमद (7/114 बनाम इंग्लैंड, 2022) का नाम आता है।
वहीं, टेस्ट डेब्यू में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का विश्व रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के अल्बर्ट ट्रॉट के नाम है। उन्होंने 1895 में एडिलेड में इंग्लैंड के खिलाफ 43 रन देकर 8 विकेट लिए थे।
जानकारी
ऐसा रहा है साकिब का प्रथम श्रेणी करियर
क्रिकइंफो के मुताबिक, साकिब ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 5वीं बार पारी में 5 विकेट लिए। उनके नाम 5 बार 4 विकेट लेने का कारनामा भी दर्ज है। उन्होंने 20 प्रथम श्रेणी मैचों में करीब 23 की औसत से 88 विकेट हासिल किए हैं।