पाकिस्तान ने दूसरे वनडे में बांग्लादेश को 128 रन से हराया, मैच में बने ये रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने दूसरे वनडे मुकाबले में बांग्लादेश क्रिकेट टीम को डकवर्थ लुईस नियम (DLS) से 128 रन से हरा दिया। इसी के साथ उसने 3 मैचों की वनडे सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली। बारिश के कारण दूसरी पारी 32 ओवर की हो गई थी। DLS के अनुसार बांग्लादेश को इन ओवरों में 243 रन बनाने थे, लेकिन उनकी टीम 114 रन ही बना पाई। ऐसे में आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
मैच का लेखा-जोखा
बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। माज सदाकत (75) और सलमान आघा (64) की शानदार पारियों के दम पर 47.3 ओवर में 274 रन बनाने में सफल रही। बांग्लादेश के लिए रिशाद हुसैन ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। जवाब में बांग्लादेश की टीम 23.3 ओवर में सिर्फ 114 रन पर ऑलआउट हो गई। लिटन दास ने सबसे ज्यादा 41 रन बनाए। हारिस रऊफ और सदाकत ने 3-3 विकेट अपने नाम किए।
अर्धशतक
सदाकत ने वनडे करियर का पहला अर्धशतक लगाया
सदाकत ने मैच में 46 गेंदों का सामना किया और 75 रन बनाए। उनके बल्ले से 6 चौके और 5 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 163.04 की रही। ये उनके वनडे करियर का पहला ही अर्धशतक रहा। उन्होंने इसी सीरीज में अपना वनडे डेब्यू किया था। गेंदबाजी में भी इस खिलाड़ी ने कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने 5 ओवर में 23 रन देकर 3 विकेट लिए। उनकी इकॉनमी रेट 4.60 की रही।
पारी
सलमान का शानदार फॉर्म जारी
सलमान ने मैच में 62 गेंदों का सामना किया और 64 रन बनाए। उनके बल्ले से 7 चौके और 2 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 103.23 की रही। 32 साल के इस खिलाड़ी का वनडे करियर में यह 9वां अर्धशतक रहा। बांग्लादेश के खिलाफ सलमान ने अपना पहला ही अर्धशतक लगाया। अब तक इस खिलाड़ी ने 49 वनडे खेले हैं और इसकी 41 पारियों में 43.39 की औसत से 1,432 रन बनाए हैं। सलमान का रनआउट काफी विवाद में रहा।
पाकिस्तान
पाकिस्तान के अन्य गेंदबाजों ने भी किया कमाल
पाकिस्तान के लिए रऊफ ने 4.3 ओवर गेंदबाजी की और 26 रन देकर 3 विकेट लिए। उनकी इकॉनमी 5.80 की रही। कप्तान शाहीन अफरीदी ने पहले ओवर से ही दबाव बनाया। उन्होंने 5 ओवर में सिर्फ 22 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए। उनकी इकॉनमी रेट 4.40 की रही। मोहम्मद वसीम जूनियर ने 5 ओवर में सिर्फ 25 रन दिए और 1 विकेट लिया। फहीम अशरफ ने 4 ओवर में 18 रन देकर 1 सफलता हासिल की।