आज के ही दिन इतिहास बनाने से चूक गए थे वीरेंद्र सहवाग

जब-जब क्रिकेट में विस्फोटक बल्लेबाजों का जिक्र होगा, तब वीरेंद्र सहवाग का नाम जरूर लिया लिया जाएगा। वनडे हो या टेस्ट क्रिकेट उनकी बल्लेबाजी की शैली हमेशा आक्रामक रहती थी। पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज सहवाग ने टेस्ट क्रिकेट में दो तिहरे शतक लगाए हैं। श्रीलंका के खिलाफ 04 दिसंबर, 2009 में सहवाग अपना तीसरा दोहरा शतक बनाने से सिर्फ सात रनों से चूक गए थे। आइए उस मैराथन पारी में एक नजर डालते हैं।
श्रीलंका के खिलाफ सहवाग ने 254 गेंदों में 293 रनों की पारी खेली थी। अपनी पारी के दौरान उन्होंने 40 चौके और सात छक्के लगाए थे। उन्हें मुरलीधरन ने अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया था। अगर सहवाग तीन सौ रनों का आंकड़ा छू लेते तो टेस्ट क्रिकेट में तीन तिहरे शतक लगाने वाले विश्व के पहले बल्लेबाज बनते। बता दें इससे पहले सहवाग पाकिस्तान (309) और दक्षिण अफ्रीका (319) के खिलाफ तिहरे शतक लगा चुके हैं।
मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में भारत और श्रीलंका के बीच तीसरा टेस्ट खेला गया। पहली पारी में श्रीलंका ने दिलशान (109) की शतक की मदद से 393 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने सहवाग की मैराथन पारी की बदौलत 726/9 के स्कोर पर पारी घोषित की। उनके अलावा धोनी (100*), द्रविड़ (74) और विजय (87) ने भी उपयोगी योगदान दिया। दूसरी पारी में श्रीलंका 309 रन ही बना सकी और भारत ने पारी और 24 रन से मैच जीता।
सहवाग टेस्ट क्रिकेट में दो तिहरे शतक लगाने वाले इकलौते भारतीय खिलाड़ी हैं। इसके अलावा सहवाग (6) संयुक्त रूप से दूसरे सबसे ज्यादा दोहरे शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं। उनसे ज्यादा सिर्फ कोहली (7) ऐसा कर चुके हैं।
दाएं हाथ के बल्लेबाज सहवाग ने भारत की ओर से 104 टेस्ट मैच खेले, जिनकी 180 पारियों में लगभग 50 की औसत से 8,586 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 23 शतक और 32 अर्धशतक भी लगाए हैं। वहीं सहवाग ने 245 वनडे पारियों में 35 की औसत से 8,273 रन बनाए हैं। उन्होंने अपने वनडे करियर में 219 के सर्वाधिक स्कोर के साथ 15 शतक और 38 अर्धशतक लगाए हैं। वहीं टी-20 में सहवाग ने 394 रन बनाए हैं।
सहवाग ने वनडे क्रिकेट में भी दोहरा शतक लगाया है। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 149 गेंदों में 219 रनों की पारी खेली थी। वनडे में दोहरा शतक लगाने वालों की सूचि में भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा रहा है। अब तक तीन भारतीय बल्लेबाज यह कीर्तिमान हासिल कर चुके हैं। बता दें वनडे में अब तक छह बल्लेबाजों ने दो सौ रनों का आंकड़ा पार किया है, जिसमें तेंदुलकर, सहवाग, रोहित ,गेल, गुप्टिल और फखर जमान शामिल हैं।