Page Loader
IPL 2025: मुंबई इंडियंस ने पारस महाम्ब्रे को अपना गेंदबाजी कोच नियुक्त किया
पारस महाम्ब्रे को मुंबई इंडियंस ने अपना गेंदबाजी कोच नियुक्त किया (तस्वीर: एक्स/@Vishnu13112001)

IPL 2025: मुंबई इंडियंस ने पारस महाम्ब्रे को अपना गेंदबाजी कोच नियुक्त किया

Oct 16, 2024
02:12 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस (MI) ने पारस महाम्ब्रे को अपने कोचिंग दल में शामिल किया है। वह लसिथ मलिंगा के साथ मिलकर MI के गेंदबाजों के साथ काम करेंगे। MI ने बुधवार (16 अक्टूबर) को आधिकारिक तौर पर ये जानकारी दी है। बता दें कि महाम्ब्रे का यह दूसरा कार्यकाल होगा। वह इससे पहले भी MI के साथ कोच के रूप में काम कर चुके हैं। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

कोच 

MI के साथ खिताब जीत चुके हैं म्हाम्ब्रे

बीते रविवार को MI ने मार्क बाउचर की जगह महेला जयवर्धने को अपना मुख्य कोच बनाया था। म्हाम्ब्रे उस MI की टीम के कोच के रूप में भी काम कर चुके हैं, जिसने IPL 2013 का खिताब और चैंपियंस लीग टी-20 (2011 और 2013) के खिताब जीते थे। म्हाम्ब्रे भारतीय क्रिकेट टीम के गेंदबाजी कोच भी थे। उनके कार्यकाल का समापन इस साल की शुरुआत में टी-20 विश्व कप 2024 की खिताबी जीत के साथ हुआ था।

करियर 

भारत से 2 टेस्ट और 3 वनडे खेल चुके हैं म्हाम्ब्रे

म्हाम्ब्रे ने भारत की ओर से 2 टेस्ट खेले थे, जिसमें उन्होंने कुल 2 विकेट लिए थे। इसके साथ-साथ उन्होंने 3 वनडे में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया, जिसमें उन्होंने कुल 3 विकेट लिए थे। वह घरेलू क्रिकेट में भी मुंबई की ओर से खेलते थे। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने 91 प्रथम श्रेणी मैचों में 24.36 की औसत से 284 विकेट लिए थे। उन्होंने 83 लिस्ट-A मैचों में 111 विकेट लिए थे।

IPL 2024

IPL 2024 में MI ने किया था खराब प्रदर्शन

IPL 2024 के पूरे सीजन कप्तान हार्दिक पांड्या अच्छी फॉर्म में नहीं थे। इसके अलावा अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा भी निरंतरता नहीं दिखा पाए थे। दोनों के बीच कप्तानी को लेकर हुए विवाद से भी टीम का माहौल खराब रहा था। इसका असर मैदान पर भी देखने को मिला था। MI सिर्फ 4 मैच ही जीत सकी थी और 10 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा था। MI सिर्फ 8 अंक के साथ आखिरी स्थान पर रही थी।