Page Loader
IPL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी समेत ये रही नीलामी की अहम बातें

IPL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी समेत ये रही नीलामी की अहम बातें

लेखन Neeraj Pandey
Feb 18, 2021
10:14 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2021 की नीलामी का समापन हो चुका है। लगभग पांच घंटे तक चेन्नई में चली इस नीलामी में कई खिलाड़ियों की खरीद-फरोख्त हुई। नीलामी के संपन्न होने के साथ ही टूर्नामेंट के 14वें सीजन का बिगुल बज चुका है। IPL गवर्निंग काउंसिल चेयरमैन बृजेश पटेल ने जानकारी दी है कि इस साल IPL में दर्शकों को देखा जा सकता है। आइए जानते हैं 2021 नीलामी से जुड़ी हर अहम बात को।

जानकारी

नीलामी में बिके 57 खिलाड़ी

IPL 2021 की नीलामी में कुल 57 खिलाड़ी बिके। 57 में से 22 विदेशी खिलाड़ियों को खरीदार मिले। नीलामी में सभी आठ टीमों ने मिलकर 145 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए।

खरीदारी

पंजाब किंग्स ने की सबसे अधिक खरीदारी

पंजाब किंग्स ने नीलामी में सबसे अधिक नौ खिलाड़ियों को खरीदा। दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइटराइडर्स, राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने आठ-आठ खिलाड़ियों की खरीद की। सनराइजर्स हैदराबाद ने सबसे कम तीन खिलाड़ियों को ही खरीदा। पंजाब ने ही सबसे अधिक पांच विदेशी खिलाड़ियों को भी खरीदा। CSK ने केवल मोईन अली को ही खरीदा क्योंकि उन्हें केवल एक ही विदेशी खिलाड़ी की जरूरत थी।

जानकारी

मॉरिस बने टूर्नामेंट इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी

दक्षिण अफ्रीकी ऑलराउंडर क्रिस मॉरिस के लिए यह नीलामी काफी शानदार रही। उन्हें पंजाब किंग्स ने 16.25 करोड़ रुपये की कीमत में खरीदा और टूर्नामेंट के इतिहास का सबसे महंगा खिलाड़ी बना दिया।

ग्लेन मैक्सवेल

पिछले सीजन फ्लॉप रहने के बावजूद 14.25 करोड़ रुपये में बिके मैक्सवेल

किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) ने ऑस्ट्रेलिया के आक्रामक ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल को 10.75 करोड़ रूपये की कीमत में खरीदा था। मैक्सवेल 13 मैचों की 11 पारियों में 15.42 की औसत के साथ केवल 108 रन ही बना सके। मैक्सवेल इस कदर संघर्ष कर रहे थे कि पूरे सीजन में वह एक छक्का नहीं लगा सके। इसके बावजूद इस सीजन मैक्सवेल 14.25 करोड़ रुपये की कीमत में बिके हैं। उन्हें RCB ने अपने साथ जोड़ा है।

जानकारी

ये रहे सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी

विदेशी खिलाड़ियों पर एक बार फिर खूब पैसों की बारिश हुई। मॉरिस (16.25 करोड़ रुपये) के अलावा काइल जैमिसन (15 करोड़ रुपये), ग्लेन मैक्सवेल (14.25 करोड़ रुपये), झाई रिचर्डसन (14 करोड़ रुपये) और रिली मेरिडिथ (आठ करोड़ रुपये) सबसे महंगे विदेशी रहे।

सबसे महंगे भारतीय

ये रहे सबसे महंगे भारतीय खिलाड़ी

कृष्णप्पा गौतम को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने 9.25 करोड़ रुपये की कीमत में खरीदा है। गौतम IPL नीलामी में सबसे महंगे दाम में बिकने वाले भारतीय अनकैप्ड खिलाड़ी बन गए हैं। गौतम के अलावा तमिलनाडु के शाहरुख खान को पंजाब किंग्स ने 5.25 करोड़ रुपये की बड़ी कीमत में खरीदा है। भारतीय ऑलराउंडर शिवम दुबे को राजस्थान रॉयल्स ने 4.4 करोड़ रुपये में खरीदा है। केदार जाधव और हरभजन सिंह 2-2 करोड़ रुपये में बिके हैं।

जानकारी

ये रहे सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी

गौतम सबसे महंगे दाम में बिकने वाले अनकैप्ड खिलाड़ी रहे। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के मेरिडेथ सबसे महंगे दाम में बिकने वाले विदेशी अनकैप्ड खिलाड़ी रहे। शाहरुख खान तीसरे सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी रहे।