Page Loader
जसप्रीत बुमराह IPL इतिहास में मुंबई इंडियंस के सबसे महंगे खिलाड़ी बने 
जसप्रीत बुमराह ने इतिहास रच दिया है (तस्वीर: एक्स/@IPL)

जसप्रीत बुमराह IPL इतिहास में मुंबई इंडियंस के सबसे महंगे खिलाड़ी बने 

Nov 01, 2024
10:35 am

क्या है खबर?

जसप्रीत बुमराह को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 की नीलामी से पहले मुंबई इंडियंस (MI) ने 18 करोड़ रुपये में रिटेन किया है। वह MI के इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने कैमरून ग्रीन का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्हें साल 2023 के सीजन से पहले MI ने 17.5 करोड़ रुपये में खरीदा था। फ्रेंचाइजी ने सूर्यकुमार यादव ,हार्दिक पांड्या, रोहित शर्मा और तिलक वर्मा को भी रिटेन किया है। आइए पूरी खबर पर नजर डालते हैं।

पैसे

रोहित और सूर्यकुमार को मिलेंगे इतने पैसे 

MI ने हार्दिक और सूर्यकुमार को 16.35- 16.35 करोड़ रुपये दिए हैं। इनके अलावा रोहित को 16.30 करोड़ और तिलक को 8 करोड़ रुपये में टीम के साथ जोड़ा है। IPL 2025 से पहले महेला जयवर्धने को MI ने अपना कोच नियुक्त किया था। जयवर्धने पहले भी इस पद पर रह चुके हैं। उनकी कोचिंग में MI साल 2017, 2019 और 2020 में ट्रॉफी जीत चुकी है। पिछले सीजन में दक्षिण अफ्रीका के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज मार्क बाउचर कोच थे।

कप्तान

हार्दिक ही रहेंगे कप्तान 

MI ने यह भी ऐलान कर दिया है कि अगले सीजन के लिए हार्दिक ही कप्तान रहेंगे। रोहित और सूर्यकुमार एक बार फिर उनकी कप्तानी में खेलते हुए नजर आएंगे। MI के मालिक आकाश अंबानी टीम के खिलाड़ियों को रिटेन किए जाने के बाद कहा, "हम इस बात से रोमांचित हैं कि MI की मजबूत विरासत को जसप्रीत, सूर्या, हार्दिक, रोहित और तिलक द्वारा आगे बढ़ाया जाएगा। ये खिलाड़ी हमारी टीम और हमारे क्रिकेट ब्रांड के पर्याय बन गए हैं।"

प्रदर्शन

पिछले सीजन कुछ खास नहीं था MI का प्रदर्शन 

पिछले सीजन में MI ने बेहद खराब प्रदर्शन किया था। IPL 2024 में MI सिर्फ 4 मैच ही जीत सकी थी और 10 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा था। अंक तालिका में MI सिर्फ 8 अंक के साथ आखिरी स्थान पर रही थी। IPL के इतिहास में MI ने संयुक्त रूप से सर्वाधिक 5 खिताब जीते हैं। बता दें कि MI की टीम 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में विजेता बनी थी।

आंकड़े

MI के लिए कैसे हैं बुमराह के आंकड़े?

बुमराह ने MI के लिए पहला मुकाबला साल 2013 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ खेला था। उस मुकाबले में उन्होंने विराट कोहली, मयंक अग्रवाल और करुण नायर को आउट किया था। अब तक MI के लिए इस स्टार गेंदबाज ने 133 मुकाबले खेले हैं। इसकी 133 पारियों में 22.52 की औसत से 165 विकेट झटके हैं। उनकी इकॉनमी 7.3 की रही है। बुमराह का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/10 का रहा है। उन्होंने 2 बार 5 विकेट हॉल लिए हैं।