IPL 2026: DC ने PBKS को हराते हुए अपनी 5वीं जीत दर्ज की, ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 55वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने पंजाब किंग्स (PBKS) को 3 विकेट से हराते हुए अपनी 5वीं जीत दर्ज की। धर्मशाला स्टेडियम में PBKS ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 210/5 का स्कोर बनाया, जिसमें श्रेयस अय्यर (59*) और प्रियांश आर्य (56) ने अर्धशतक लगाए। जवाब में DC की टीम ने 19 ओवर में लक्ष्य हासिल किया। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से रोचक रहा मुकाबला
PBKS को प्रभसिमरन (18) और प्रियांश (56) ने मिलकर अच्छी शुरुआत दिलाई। इसके बाद कप्तान अय्यर ने अर्धशतक (59*) लगाया। अंतिम ओवरों में कूपर कोनोली (38) और सूर्यांश शेडगे (29*) ने भी उपयोगी पारियां खेलीं। जवाब में DC को अभिषेक पोरेल (5) और केएल राहुल (9) दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। इसके बाद कप्तान अक्षर पटेल (56) और डेविड मिलर (51) ने संघर्ष किया। इसके बाद आशुतोष शर्मा (24) और माधव तिवारी (18*) ने जीत दिलाई।
प्रियांश
प्रियांश आर्य ने अपना 5वां अर्धशतक लगाया
PBKS के सलामी बल्लेबाज प्रियांश ने अपना 5वां अर्धशतक लगाया। प्रियांश ने पहले ओवर की पहली ही गेंद पर छक्का लगाते हुए अपने इरादे जाहिर किए। मैच की पहली ही गेंद पर छक्का लुटाने वाले मिचेल स्टार्क ने उस ओवर में 21 रन खर्च किए। प्रियांश ने 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इस बीच उन्होंने प्रभसिमरन सिंह (18) के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 78 रन जोड़े। वह 33 गेंदों में 56 रन बनाकर आउट हुए।
अय्यर
अय्यर ने लगाया अपना 32वां अर्धशतक
नंबर-3 पर बल्लेबाजी के लिए आए अय्यर ने अपने IPL करियर का 32वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने आकिब नबी के ओवर में लगातार 2 चौके लगाते हुए उम्दा फॉर्म के संकेत दिए। उन्होंने 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 36 गेंदों में 59 रन बनाकर नाबाद रहे। अपनी अर्धशतकीय पारी में उन्होंने 5 चौके और 3 छक्के लगाए। यह मौजूदा सीजन में उनका 5वां अर्धशतक साबित हुआ।
आंकड़े
अय्यर ने DC के खिलाफ लगातार तीसरा 50+ स्कोर बनाया
क्रिकबज के अनुसार, IPL में DC के खिलाफ अय्यर का यह लगातार तीसरा 50+ स्कोर रहा। उनसे पहले राहुल द्रविड़ और विराट कोहली भी लगातार 3-3 बार DC के खिलाफ 50+ रन बना चुके हैं। DC के खिलाफ अय्यर के पिछले 4 स्कोर 59*, 71*, 53 और 33* रहे हैं। PBKS के कप्तान ने अब DC के विरुद्ध 7 पारियों में 82.50 की औसत और 157.14 की स्ट्राइक रेट से 330 रन बनाए हैं।
अक्षर
अक्षर पटेल ने खेली संघर्षपूर्ण पारी
बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए DC ने जब 33 रन के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट खोया, तब अक्षर क्रीज पर आए। उन्होंने टीम को संकट से उबारने के प्रयास किया और 28 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। यह उनके IPL करियर का चौथा और इस सीजन का पहला अर्धशतक साबित हुआ। इस बीच उन्होंने मिलर के साथ मिलकर 64 रन की साझेदारी भी की। वह 30 गेंदों में 56 रन बनाकर आउट हुए।
मिलर
मिलर ने भी लगाया अर्धशतक
DC ने जब 74 रन के स्कोर पर अपना चौथा विकेट खोया, तब मिलर क्रीज पर आए। उन्होंने धर्मशाला स्टेडियम में अपने चिर-परिचित अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। वह 28 गेंदों में 3 चौके और 4 छक्के की मदद से 51 रन बनाकर छठे विकेट के रूप में आउट हुए। यह मिलर के IPL करियर का 14वां और मौजूदा सीजन में अर्धशतक साबित हुआ।
माधव
माधव तिवारी ने किया ऑलराउंड प्रदर्शन
DC ने जब 170 रन के स्कोर पर अपना छठा विकेट खोया, तब माधव क्रीज पर आए। उन्होंने 8 गेंदों में 2 चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 24 रन बनाए। उन्होंने आशुतोष शर्मा (24) के साथ मिलकर 7वें विकेट के लिए 14 गेंदों में 35 रन जोड़े। इससे पहले गेंदबाजी में उन्होंने 40 रन देते हुए 2 विकेट लिए थे। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने प्रियांश आर्य और कूपर कोनोली को आउट किया।
ट्विटर पोस्ट
PBKS ने लगातार चौथी हार दर्ज की
🚨 PUNJAB KINGS LOSE 4 CONSECUTIVE GAMES FOR THE FIRST TIME IN 6 YEARS. 🚨 pic.twitter.com/2QO6G3dvme
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) May 11, 2026