प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद आभूषण से जुड़ी कंपनियों के शेयर गिरे
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद सोमवार को ज्वेलरी कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट देखने को मिली है। टाइटन, कल्याण ज्वेलर्स, सेंको गोल्ड, स्काई गोल्ड और दूसरी कंपनियों के शेयर 5 से 12 प्रतिशत तक टूट गए। टाइटन के शेयर करीब 6 प्रतिशत और कल्याण ज्वेलर्स के शेयर 8 प्रतिशत से ज्यादा गिर गए। निवेशकों के बीच चिंता बढ़ने से बाजार में बिकवाली तेज हो गई। इसका असर ज्वेलरी कारोबार से जुड़ी कई कंपनियों पर साफ दिखाई दिया।
असर
मोदी की अपील का दिखा असर
प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को लोगों से विदेशी मुद्रा बचाने की अपील की थी। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे संकट को देखते हुए लोगों को अगले एक साल तक शादी के लिए सोना खरीदने से बचना चाहिए। इसके साथ ही, उन्होंने पेट्रोल-डीजल और गैस का इस्तेमाल भी सोच-समझकर करने को कहा है। प्रधानमंत्री की इस अपील के बाद बाजार में यह डर बढ़ गया कि सोने की मांग कम हो सकती है।
बाजार
अच्छे नतीजों के बाद भी टूटा बाजार
ज्वेलरी कंपनियों ने हाल ही में अच्छे कारोबारी नतीजे पेश किए थे, लेकिन इसके बावजूद उनके शेयर गिर गए। टाइटन का मुनाफा एक साल में 35 प्रतिशत बढ़कर 1,179 करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं कंपनी की कुल कमाई भी काफी बढ़ी। कल्याण ज्वेलर्स का मुनाफा भी 118 प्रतिशत बढ़कर 409 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया। निवेशकों को चिंता है कि सोने की खरीद कम होने से आने वाले समय में कारोबार प्रभावित हो सकता है।
बाजार
बाजार में आगे भी रह सकती है हलचल
ज्वेलरी बाजार में आने वाले दिनों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और सोने की ऊंची कीमतों ने पहले ही बाजार पर दबाव बढ़ा दिया है। अब सरकार की बचत वाली अपील ने भी निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, कई बड़ी कंपनियां अपने कारोबार को मजबूत बता रही हैं और नए शहरों में विस्तार कर रही हैं। इसके बावजूद फिलहाल बाजार में सावधानी का माहौल बना हुआ है।