IPL 2026: CSK बनाम MI मुकाबले में इन खिलाड़ियों में हो सकती है कड़ी टक्कर
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 44वां मैच चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीय यह इस संस्करण में दूसरी भिड़ंत होगी। यह मुकाबला एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। इस सीजन के पहले मुकाबले में CSK ने वानखेड़े स्टेडियम में MI को 103 रनों से हराया था। ऐसे में MI हार का बदला लेना चाहेगी। आइए इस मुकाबले में प्रमुख खिलाड़ियों के बीच होने वाली टक्कर पर नजर डालते हैं।
#1
संजू सैमसन बनाम जसप्रीत बुमराह
इस समय IPL में अपने सबसे खराब दौर से गुजरने वाले MI के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह CSK के खिलाफ घातक साबित हो सकते हैं। उनकी निगाहें CSK के शीर्ष क्रम पर होंगी। वह खतरनाक संजू सैमसन को आउट करने की उम्मीद करेंगे, जिन्होंने पिछले मैच में MI के खिलाफ शतक बनाया था। बुमराह ने 14 टी-20 पारियों में सैमसन को सिर्फ 2 बार आउट किया है। इस दौरान सैमसन ने 113.51 की स्ट्राइक रेट से 84 रन बनाए हैं।
#2
सूर्यकुमार यादव बनाम अकील हुसैन
सूर्यकुमार यादव भी रनों के सूखे को खत्म करना चाहेंगे। दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ अर्धशतक बनाने के बाद से उनके स्कोर 6, 33, 0, 15, 36, 5 रहे हैं। स्पिनर अकील हुसैन ने MI के खिलाफ पहले मैच में शानदार प्रदर्शन किया था और सूर्यकुमार को भी आउट किया था। गौरतलब है कि वेस्टइंडीज के स्पिनर ने 8 टी-20 पारियों में 2 बार सूर्यकुमार को आउट किया है। सूर्यकुमार की उनके खिलाफ स्ट्राइक रेट 114.28 की रही है।
#3
रुतुराज गायकवाड़ बनाम ट्रेंट बोल्ट
CSK के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने पिछले मैच में शानदार अर्धशतक बनाकर टीम को संकट से उबारा था, लेकिन इस संस्करण में अभी तक उनका प्रदर्शन उतना दमदार नहीं रहा है। पावरप्ले में उनका सामना आक्रामक फॉर्म में चल रहे ट्रेंट बोल्ट से होगा। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बोल्ट ने 6 टी-20 पारियों में 3 बार गायकवाड़ को आउट किया है। इस मुकाबले में गायकवाड़ की स्ट्राइक रेट 109.67 की ही रही है।