IPL 2026: केएल राहुल ने RR के खिलाफ जड़ा 8वां अर्धशतक, बने 'प्लेयर ऑफ द मैच'
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 43वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (75) खेली। यह उनके IPL करियर का 43वां और RR के खिलाफ 8वां अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 27 गेंदों पर पूरा किया। उनकी पारी की बदौलत DC को मजबूत शुरुआत मिली और वह लक्ष्य हासिल करने में सफल रही। उन्हें इस प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
बल्लेबाजी
ऐसी रही राहुल की पारी और साझेदारी
राहुल और पथुम निसांका (62) की सलामी जोड़ी ने DC को 226 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आक्रामक शुरुआत दिलाई। दोनों ने पावरप्ले में 70 रन जोड़े और पहले विकेट के लिए 57 गेंदों में 110 रन की साझेदारी निभाई। राहुल ने नितीश राणा (33) के साथ दूसरे विकेट के लिए 61 रन की अहम साझेदारी निभाई। राहुल अपनी पारी में 40 गेंदों में 6 चौके और 5 छक्कों की मदद से 75 रन बनाकर आउट हुए।
प्रदर्शन
IPL 2026 में शानदार रहा है राहुल का प्रदर्शन
IPL 2026 में राहुल का अब तक प्रदर्शन काफी शानदार रहा है। वह 9 मैच में 54.13 की औसत और 185.83 की स्ट्राइक रेट के साथ 433 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 3 अर्धशतक के अलावा एक शतक भी जड़ा है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 152 रन का रहा है। इस पारी के साथ उन्होंने अब ऑरेंज कैप पर कब्जा जमा लिया है। इस सूची में सनराजर्स हैदराबाद (SRH) के अभिषेक शर्मा (425) दूसरे नंबर पर हैं।
करियर
ऐसा रहा है राहुल का IPL करियर
राहुल ने अपना पहला मुकाबला साल 2013 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 154 मुकाबले खेले हैं और इसकी 145 पारियों में 46.74 की औसत और 138.88 की स्ट्राइक रेट से 5,655 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 6 शतक और 43 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 152* रन रहा है। वह इस लीग में अब तक 494 चौके और 232 छक्के भी अपने नाम कर चुके हैं।