IPL 2026: विराट कोहली CSK के लिए साबित हो सकते हैं बड़ा खतरा, जानिए कारण
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 11वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का सामना चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) से होगा। यह रोमांचक मुकाबला रविवार को भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। इसमें सबकी निगाहें RCB के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली पर होंगी, जिन्होंने अतीत में CSK के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया है। ऐसे में आइए IPL करियर में CSK के खिलाफ कोहली के प्रदर्शन पर नजर डालते हैं।
प्रदर्शन
CSK के खिलाफ कैसा रहा है कोहली का प्रदर्शन?
ESPN क्रिकइंफो के अनुसार, कोहली IPL में CSK के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 35 मैचों में 38.20 की शानदार औसत और 127.75 की स्ट्राइक रेट से 1,146 रन बनाए हैं। शिखर धवन (1,057) ही एकमात्र ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने CSK के खिलाफ 1,000 से अधिक रन बनाए हैं। कोहली के नाम CSK के खिलाफ सबसे ज्यादा 10 बार 50 से अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड भी है। उनका उच्चतम स्कोर 90* रन का है।
जानकारी
चिन्नास्वामी स्टेडियम में CSK के खिलाफ कोहली के आंकड़े
RCB के घरेलू मैदान चिन्नास्वामी स्टेडियम में कोहली ने CSK के खिलाफ 11 पारियों में 38.90 की औसत से 389 रन बनाए हैं। इस लिहाज से उनकी स्ट्राइक रेट 149.04 तक पहुंच जाती है, जिसमें 4 अर्धशतक भी शामिल हैं।
करियर
कैसा रहा है कोहली का IPL करियर?
कोहली ने साल 2008 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था। वह अब तक 268 मैचों की 260 पारियों में 39.86 की औसत और 133.14 की स्ट्राइक रेट के साथ 8,730 रन बना चुके हैं। इसमें से 4,046 रन उन्होंने लक्ष्य का पीछा करते हुए अपने नाम किए हैं। इस दौरान उन्होंने 64 अर्धशतकों के अलावा 8 शतक भी जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 113 रन रहा है।