LOADING...
IPL 2026: CSK बनाम MI मुकाबले का प्रीव्यू और आंकड़े, जानिए कैसी होगी चेन्नई की पिच 
MI के खिलाफ 2 मई को मैच खेलेगी CSK (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2026: CSK बनाम MI मुकाबले का प्रीव्यू और आंकड़े, जानिए कैसी होगी चेन्नई की पिच 

May 01, 2026
03:13 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 44वें मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) का सामना मुंबई इंडियंस (MI) से 2 मई को होगा। इस सीजन में CSK ने अब तक 8 मैच खेले हैं, जिसमें से 3 में उन्हें जीत मिली है और 5 में हार का सामना किया है। MI ने अब तक अपने 8 में से सिर्फ 2 मैच जीते हैं और 6 में हार झेली है। ऐसे में आइए मुकाबले से जुड़ी जरूरी बातों पर नजर डालते हैं।

हेड-टू-हेड 

MI का पलड़ा रहा है भारी

दोनों टीमों की भिड़ंत में लगभग बराबरी का मुकाबला रहा है। CSK और MI की टीमों के बीच IPL के इतिहास में अब तक कुल 40 मैच खेले गए हैं। इन मुकाबलों में 21 मैच MI ने अपने नाम किए हैं और 19 मैच में CSK को जीत मिली है। IPL 2026 की पहली भिड़ंत में CSK ने MI को 103 रन से शिकस्त दी थी। उस मैच में संजू सैमसन ने शतक जड़ा था।

MI 

ऐसी हो सकती है MI की टीम

MI को अपने पिछले मैच में SRH के खिलाफ हार मिली थी। उस मैच में MI ने पहले खेलते हुए 243/5 का स्कोर बनाया था। हालांकि, इस बड़े स्कोर का MI की टीम बचाव नहीं कर सकी थी। MI की टीम अपने प्रमुख गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की फॉर्म में वापसी की उम्मीद करेगी। संभावित एकादश: रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), विल जैक्स, नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), रॉबिन मिंज, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, एएम गजनफर, और अश्विनी कुमार।

Advertisement

CSK 

इस संयोजन के साथ उतर सकती है CSK 

CSK को अपने आखिरी मैच में गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ हार मिली थी। उस मैच में CSK ने 158/7 का स्कोर बनाया था और GT ने आसानी से लक्ष्य हासिल किया था। CSK की टीम गायकवाड़ और संजू सैमसन की सलामी जोड़ी से अच्छी शुरुआत की उम्मीद करेगी। संभावित एकादश: संजू सैमसन (विकेटकीपर), रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), उर्विल पटेल, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा, जेमी ओवरटन, अकील हुसैन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, और गुरजपनीत सिंह।

Advertisement

जानकारी

ये हो सकते हैं इम्पैक्ट सब्स प्लेयर

CSK: सरफराज खान, प्रशांत वीर, मैट हेनरी, और स्पेंसर जॉनसन। MI: दानिश मालेवार, शेरफेन रदरफोर्ड, मयंक रावत, शार्दुल ठाकुर और रघु शर्मा।

पिच 

कैसा रहेगा पिच का मिजाज?

चेन्नई की पिच लाल मिट्‌टी से बनी है जो आमतौर पर स्पिनरों को मदद करती है। हालांकि, शुरुआती कुछ ओवरों में तेज गेंदबाजों को फायदा मिलता है। यहां की विकेट अमूमन सूखी और सख्त होती है जो मैच आगे बढ़ने के साथ और खराब होती जाती है। बल्लेबाजों को बड़े-बड़े शॉट्स लगाने के लिए नजरें जमाने होती है। हाउस्टेट के मुताबिक, IPL में यहां पर पहली पारी का औसत स्कोर 165 रन है।

जानकारी

कैसा रहेगा चेन्नई का मौसम?

एक्यूवेदर के अनुसार, 2 मई को चेन्नई का मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान के 29 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश की कोई संभावना नहीं है।

प्रदर्शन 

इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेंगी नजरें

MI के बल्लेबाज रिकेल्टन ने अपने पिछले मैच में SRH के खिलाफ शतक लगाया था। वह अपनी फॉर्म को बरकरार रखने का प्रयास करेंगे। CSK के तेज गेंदबाज कंबोज ने इस सीजन में प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। उन्होंने 8 पारियों में 16.92 की औसत और 8.56 की इकॉनमी रेट से 14 विकेट लिए हैं। MI के स्पिन गेंदबाज गजनफर ने 19.60 की औसत के साथ 10 सफलताएं हासिल की हैं।

जानकारी

कब और कहां देखें मुकाबला?

MI और CSK के बीच यह मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में रात 7:30 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।

Advertisement