
IPL 2025: साई सुदर्शन ने जमाया 'ऑरेंज कैप' पर कब्जा, ये रिकॉर्ड्स किए अपने नाम
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 18वें संस्करण का बुधवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की जीत के साथ समापन हो गया।
खिताबी मुकाबले में RCB ने पंजाब किंग्स (PBKS) को हराकर पहली बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
इस संस्करण गुजरात टाइटंस (GT) के सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन का प्रदर्शन काफी शानदार रहा। इसके चलते वह 'ऑरेंज कैप' पर कब्जा जमाने में भी कामयाब रहे।
ऐसे में आइए उनके इस सीजन के प्रदर्शन पर नजर डालते हैं।
प्रदर्शन
इस सीजन कैसा रहा सुदर्शन का प्रदर्शन?
सुदर्शन IPL 2025 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उनके अलावा सिर्फ सूर्यकुमार यादव (717 रन) के बल्ले से इस संस्करण 700 से ज्यादा रन निकले।
सुदर्शन ने 15 मुकाबले खेले और इसकी 15 पारियों में 1 बार नाबाद रहते हुए 759 रन बनाए।
उनकी औसत 54.21 और स्ट्राइक रेट 156.17 की रही। उनके बल्ले से 6 अर्धशतक और 1 शतक निकला। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 108* रन रहा।
इस सूची में तीसरे स्थान पर शुभमन गिल (650) रहे।
जानकारी
सुदर्शन ने ये बड़ी उपलब्धि की अपने नाम
सुदर्शन IPL इतिहास के एक संस्करण में 750 से ज्यादा रन बनाने वाले सिर्फ 5वें बल्लेबाज बने हैं। इस खास सूची में उनके अलावा विराट कोहली (973 रन, 2016), शुभमन गिल (890, 2023), जोस बटलर (863, 2022) और डेविड वार्नर (848, 2016) शामिल हैं।
रिकॉर्ड
ये शानदार रिकॉर्ड्स सुदर्शन ने किए अपने नाम
संस्करण की शुरुआत में सुदर्शन टी-20 क्रिकेट में 2,000 रन पूरे करने वाले सबसे तेज भारतीय बल्लेबाज भी बने। उन्होंने यह मुकाम सिर्फ 54 पारियों में हासिल किया।
पूरी सूची में वह दूसरे स्थान पर हैं। पहले स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के शॉन मार्श हैं। उन्होंने 53 पारियों में यह रिकॉर्ड बनाया था।
सुदर्शन IPL में सबसे तेज 1,500 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज भी हैं। 23 वर्षीय इस खिलाड़ी ने यह कारनामा सिर्फ 35 पारियों में किया था।
कप्तान
अपने कप्तान के साथ सुदर्शन ने बनाई दमदार जोड़ी
कप्तान गिल के साथ मिलकर सुदर्शन ने इस संस्करण दमदार सलामी जोड़ी बनाई।
दोनों ने मिलकर इस संस्करण 65.14 की औसत से कुल 912 रन जोड़े। इसमें 3 शतकीय और 4 अर्धशतकीय साझेदारियां शामिल रही।
IPL के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन जोड़ने वाली जोड़ी में अब यह दूसरे स्थान पर आ गई है।
पहले नंबर पर संयुक्त रूप से एबी डिविलियर्स-कोहली (2016) और फाफ डु प्लेसिस-कोहली (2023) की जोड़ियां हैं, जिन्होंने 939-939 रन जोड़े थे।
करियर
सुदर्शन के IPL करियर पर एक नजर
IPL में सुदर्शन ने अपना पहला मुकाबला साल 2022 में PBKS के खिलाफ खेला था।
उन्होंने अब तक 40 मुकाबले खेले हैं, जिसकी 40 पारियों में 49.81 की औसत और 145.59 की स्ट्राइक रेट से 1,793 रन बनाए हैं।
सुदर्शन ने अपने IPL करियर में 2 शतक के अलावा 12 अर्धशतक भी लगाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 108 रन रहा है।
वह IPL करियर की शुरुआत से ही GT की टीम का हिस्सा रहे हैं।