
IPL 2025: LSG ने रोचक मुकाबले में GT को हराया, ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 64वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने गुजरात टाइटंस (GT) को 33 रन से हराते हुए अपनी छठी जीत दर्ज की। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए मैच में LSG ने पहले खेलते हुए 235/2 का स्कोर बनाया। जवाब में GT की टीम 202/9 का स्कोर ही बना सकी। GT की यह मौजूदा सीजन में चौथी हार है। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से रहा रोचक मुकाबला
LSG से ऐडेन मार्करम और मिचेल मार्श ने पहले विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी की। इसके बाद मार्श ने अपना शतक (117) पूरा किया और निकोलस पूरन ने अर्धशतक (56*) लगाते हुए टीम को 200 के पार पहुंचाया। जवाब में GT से साई सुदर्शन (21), शुभमन गिल (35) और जोस बटलर (33) अच्छी शुरुआत के बाद बड़ी पारी नहीं खेल सके। इसके बाद शाहरुख खान के अर्धशतक (57) के बावजूद GT की टीम लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी।
मार्श
मिचेल मार्श ने IPL में अपना पहला शतक लगाया
मार्श ने GT के तेज गेंदबाजों की अनुशासित गेंदबाजी के सामने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की। हालांकि, क्रीज पर टिक जाने के बाद उन्होंने अपनी रन गति में इजाफा किया और 33 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 56 गेंदों में पारी को शतक में तब्दील किया। इस बीच उन्होंने मार्करम के साथ मिलकर 91 रन की साझेदारी भी की। वह 64 गेंदों पर 10 चौकों और 4 छक्कों की बदौलत 117 रन बनाकर आउट हुए।
शतक
मार्श ने बनाए ये रिकॉर्ड्स
मार्श अब IPL के एक सीजन में संयुक्त रूप से सर्वाधिक 50+ स्कोर (6) बनाने वाले बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने इस मामले में केएल राहुल की बराबरी की है। बता दें कि राहुल ने 2022 में 6 पारियों में 50+ स्कोर किए थे। मार्श ने मार्करम के साथ मिलकर IPL में कुल 5वीं, 50+ रन की साझेदारी की। LSG में उनसे ज्यादा 50+ रन की साझेदारी सिर्फ क्विंटन डिकॉक और केएल राहुल (6) की जोड़ी ने की है।
जानकारी
शाहरुख खान ने अपना दूसरा अर्धशतक लगाया
लक्ष्य का पीछा करते हुए शाहरुख ने अपने IPL करियर का दूसरा अर्धशतक लगाया। वह 29 गेंदों पर 5 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 57 रन बनाकर आउट हुए।
पूरन
पूरन ने इस सीजन में 5वां अर्धशतक लगाया
LSG ने 91 रन के स्कोर पर जब दूसरा विकेट खोया, तब पूरन क्रीज पर आए। उन्होंने आते ही अपनी पहली गेंद पर बड़ा छक्का लगाया। अपने चिर-परिचित अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने सिर्फ 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 27 गेंदों पर 207.41 की स्ट्राइक रेट से 56 रन बनाकर नाबाद रहे। अपनी पारी में उन्होंने 4 चौके और 5 छक्के लगाए। उन्होंने मिचेल मार्श के साथ मिलकर 121 रन की साझेदारी भी की।
जानकारी
पूरन ने LSG के लिए पूरे किए 100 छक्के
पूरन अब LSG की ओर से 100 छक्के जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने इस टीम से अब तक 102 छक्के लगाए हैं। वह IPL में कुल 167 छक्के लगा चुके हैं।