
IPL 2025: मिचेल मार्श ने अपना पहला शतक लगाया, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के मिचेल मार्श ने अपना शानदार फॉर्म जारी रखा है। उन्होंने 64वें मैच में गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ बेहतरीन शतकीय पारी (117) खेली।
यह उनके अब तक के IPL करियर का पहला शतक रहा।
इसके साथ-साथ यह मौजूदा सीजन में उनके बल्ले से निकलने वाली छठी 50+ रन की पारी रही।
आइए उनकी पारी और IPL के आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
ऐसी रही मार्श की पारी
मार्श ने GT के तेज गेंदबाजों की अनुशासित गेंदबाजी के सामने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की।
हालांकि, क्रीज पर टिक जाने के बाद उन्होंने अपनी रन गति में इजाफा किया और 33 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
उन्होंने 56 गेंदों में पारी को शतक में तब्दील किया।
इस बीच उन्होंने मार्करम के साथ मिलकर 91 रन की साझेदारी भी की।
वह 64 गेंदों पर 10 चौकों और 4 छक्कों की बदौलत 117 रन बनाकर आउट हुए।
आंकड़े
ऐसा है मार्श का IPL करियर
मार्श ने साल 2010 में अपने IPL करियर का आगाज किया था।
वह अब तक 54 मुकाबले खेले हैं, जिसकी 48 पारियों में लगभग 26 की औसत के साथ 1,200 से अधिक रन बनाए हैं।
उनके बल्ले से 1 शतक के अलावा 8 अर्धशतक निकले हैं।
गेंदबाजी में उन्होंने IPL में 21.49 की औसत से 37 विकेट भी झटके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/25 का रहा है।
रिकॉर्ड्स
मार्श ने बनाए ये रिकॉर्ड्स
मार्श अब IPL के एक सीजन में संयुक्त रूप से सर्वाधिक 50+ स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने इस मामले में केएल राहुल की बराबरी की है।
बता दें कि राहुल ने 2022 में 6 पारियों में 50+ स्कोर किए थे।
मार्श ने मार्करम के साथ मिलकर IPL में कुल 5वीं, 50+ रन की साझेदारी की।
LSG में उनसे ज्यादा 50+ रन की साझेदारी सिर्फ क्विंटन डिकॉक और केएल राहुल (6) की जोड़ी ने की है।
जानकारी
LSG से शतक लगाने वाले चौथे बल्लेबाज
मार्श LSG की ओर से शतक लगाने वाले चौथे बल्लेबाज बन गए थे। उनसे पहले क्विंटन डी कॉक, मार्कस स्टोइनिस और केएल राहुल (2 बार) इस टीम से शतक लगा चुके हैं।