LOADING...
IPL 2024: DC ने MI को हराते हुए दर्ज की अपनी 5वीं जीत, ये बने रिकॉर्ड्स
मैक्गर्क ने खेली 84 रन की पारी (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2024: DC ने MI को हराते हुए दर्ज की अपनी 5वीं जीत, ये बने रिकॉर्ड्स

Apr 27, 2024
07:42 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के 43वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने मुंबई इंडियंस (MI) को 10 रन से हराते हुए अपनी 5वीं जीत दर्ज की है। अरुण जेटली स्टेडियम में DC ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 257/4 का स्कोर बनाया। ये DC का अब तक का सर्वोच्च स्कोर भी है। जवाब में MI की टीम पूरे ओवर खेलकर 247/9 का स्कोर ही बना सकी। इस बीच मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा

ऐसा रहा रोचक मुकाबला 

DC से जैक फ्रेजर-मैक्गर्क और अभिषेक पोरेल (36) की सलामी जोड़ी ने 114 रन की साझेदारी की। जोरदार शुरुआत दिलाने वाले मैक्गर्क ने 84 रन बनाए। उनके अलावा ट्रिस्टन स्टब्स (48*) और शाई होप (41) ने उपयोगी योगदान देते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में MI ने 65 के स्कोर तक रोहित शर्मा, ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव के विकेट गंवा दिए। मुश्किल घड़ी में तिलक वर्मा (63) ने संघर्ष किया, जो जीत के लिए नाकाफी रहा।

DC 

DC ने पहली बार बनाया 250+ स्कोर

IPL के 17 सालों के इतिहास में DC ने पहली बार 250 से अधिक रनों का स्कोर बनाया है। इस मैच से पहले DC का सर्वोच्च टीम स्कोर 4 विकेट पर 231 रन का था, जो उसने IPL 2011 में किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के खिलाफ अपने घरेलू मैदान यानी अरुण जेटली स्टेडियम में ही बनाया था। उस मैच में DC को 29 रन से जीत मिली थी।

Advertisement

DC 

DC ने पॉवरप्ले में बनाया अपना सर्वोच्च स्कोर  

मैक्गर्क की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की मदद से DC ने पॉवरप्ले के बाद बिना विकेट गंवाए 92 रन का स्कोर बना लिया था। यह DC की ओर से शुरुआती 6 ओवर में सबसे बड़ा स्कोर का नया रिकॉर्ड है। इसके साथ-साथ यह IPL इतिहास में पॉवरप्ले में 5वां सबसे बड़ा स्कोर है। दिलचस्प रूप से मैक्गर्क ने पॉवरप्ले ओवर्स के दौरान 78 रन बना लिए थे। ये पॉवरप्ले ओवर्स में किसी बल्लेबाज का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर भी है।

Advertisement

अर्धशतक

मैक्गर्क ने सिर्फ 15 गेंदों में जड़ा अर्धशतक

ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज मैक्गर्क ने पारी का पहला ओवर करने आए ल्यूक वुड के खिलाफ ही आक्रामक शैली अपनाई। उन्होंने वुड के पहले ओवर से ही 19 रन बटोरे। इसके बाद उन्होंने जसप्रीत बुमराह, नुवान तुषारा और पीयूष चावला की भी जमकर खबर ली। उन्होंने अपना ये बेखौफ अंदाज बरकरार रखा और सिर्फ 15 गेंदों में ही अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 27 गेंदों पर 84 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें 11 चौके और 6 छक्के लगाए।

जानकारी

इस सूची में शामिल हुए मैक्गर्क

मैक्गर्क ने इसी संस्करण में LSG के खिलाफ सिर्फ 15 गेंदों में ही अपना अर्धशतक पूरा किया था। वह टी-20 क्रिकेट में 15 या उससे कम गेंदों पर 2 अर्धशतक लगाने वाले आंद्रे रसेल और सुनील नरेन के बाद सिर्फ तीसरे खिलाड़ी बने हैं।

तिलक 

तिलक वर्मा ने लगाया अर्धशतक 

MI ने जब 45 के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट गंवाया था, तब तिलक बल्लेबाजी के लिए आए थे। उन्होंने विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी की और 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने लगातार गिर रहे विकेटों के बीच संघर्षपूर्ण पारी खेली। वह 32 गेंदों पर 63 रन बनाकर आखिरी ओवर में आउट हुए। इस बीच उन्होंने कप्तान हार्दिक के साथ 71 रन और टिम डेविड के साथ 70 रन की साझेदारी की।

सूर्यकुमार

सूर्यकुमार ने MI से पूरे किए अपने 100 छक्के 

सूर्यकुमार यादव ने 13 गेंदों में 26 रन बनाए, जिसमें उन्होंने 3 चौके और 2 छक्के लगाए। इस बीच उन्होंने MI की ओर से 100 छक्के पूरे किए। वह अब MI के लिए 100 या अधिक छक्के लगाने वाले पांचवें बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने MI के लिए 34.65 की औसत और 147.50 की स्ट्राइक रेट से 2,807 रन बनाए हैं। सूर्यकुमार ने कुल मिलाकर अपने IPL करियर में 31.62 की औसत से 3,415 रन बनाए हैं।

गेंदबाजी

DC से रसिख सलाम और मुकेश कुमार ने लिए 3-3 विकेट 

युवा तेज गेंदबाज रसिख ने हार्दिक (46), नेहल वढेरा (4) और मोहम्मद नबी (7) के रूप में प्रमुख विकेट लिए। उन्होंने अपने कोटे के 4 ओवर में मात्र 34 रन खर्च कर ये सफलताएं अर्जित की। वह इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में खेलने आए थे। मुकेश कुमार महंगे साबित हुए। उन्होंने अपने 4 ओवर में 14.80 की इकॉनमी रेट से 59 रन दिए। उन्होंने ईशान (20), टिम डेविड (37) और पीयूष चावला (10) को अपना शिकार बनाया।

अंक तालिका

ऐसी है तालिका में टीमों की स्थिति 

DC की यह इस सीजन में 10 मैचों के बाद 5वीं जीत है। पंत की कप्तानी में टीम फिलहाल अंक तालिका में 5वें स्थान पर पहुंच गई है। MI की यह छठी हार है। हार्दिक के नेतृत्व में 3 जीत हासिल करने वाली MI की टीम में फिलहाल नौवें स्थान पर मौजूद है। RR ने अपने 8 में से 7 मैच जीते हुए हैं और टीम शीर्ष पर बरकरार है।

Advertisement