Page Loader
DC बनाम MI: जैक फ्रेजर-मैक्गर्क ने सिर्फ 15 गेंदों में जड़ा अर्धशतक, पहले शतक से चूके
जैक फ्रेजर-मैक्गर्क ने खेली ताबड़तोड़ पारी (तस्वीर: एक्स/@IPL)

DC बनाम MI: जैक फ्रेजर-मैक्गर्क ने सिर्फ 15 गेंदों में जड़ा अर्धशतक, पहले शतक से चूके

Apr 27, 2024
04:42 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के 43वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के सलामी बल्लेबाज जैक फ्रेजर-मैक्गर्क ने आक्रामक अंदाज में 84 रन की पारी खेली। उन्होंने सिर्फ 15 गेंदों में ही अपना अर्धशतक पूरा किया। वह इस लीग में अपना पहला शतक बनाने से चूक गए। इस बीच उन्होंने अभिषेक पोरेल के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 114 रन की साझेदारी भी की। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी

ऐसी रही मैक्गर्क की पारी 

ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज मैक्गर्क ने पारी का पहला ओवर करने आए ल्यूक वुड के खिलाफ ही आक्रामक शैली अपनाई। उन्होंने वुड के पहले ओवर से ही 19 रन बटोरे। इसके बाद उन्होंने जसप्रीत बुमराह, नुवान तुषारा और पीयूष चावला की भी जमकर खबर ली। उन्होंने अपना ये बेखौफ अंदाज बरकरार रखा और सिर्फ 15 गेंदों में ही अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 27 गेंदों पर 84 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें 11 चौके और 6 छक्के लगाए।

सूची 

इस विशेष सूची में शामिल हुए मैक्गर्क

मैक्गर्क ने इसी संस्करण में LSG के खिलाफ सिर्फ 15 गेंदों में ही अपना अर्धशतक पूरा किया था। वह टी-20 क्रिकेट में 15 या उससे कम गेंदों पर 2 अर्धशतक लगाने वाले सिर्फ तीसरे खिलाड़ी बने हैं। टी-20 क्रिकेट में उनसे पहले सिर्फ सुनील नरेन और आंद्रे रसेल ऐसा 2 बार कर चुके हैं। मैक्गर्क DC की ओर से सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं। उनके बाद क्रिस मॉरिस ने DC से 17 गेंदों में अर्धशतक लगाया था।

DC 

DC ने पॉवरप्ले ओवर्स में बनाया अपना सर्वोच्च स्कोर 

मैक्गर्क की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की मदद से DC ने पॉवरप्ले के बाद बिना विकेट गंवाए 92 रन का स्कोर बना लिया था। यह DC की ओर से शुरुआती 6 ओवर में सबसे बड़ा स्कोर का नया रिकॉर्ड है। इसके साथ-साथ यह IPL इतिहास में पॉवरप्ले में 5वां सबसे बड़ा स्कोर है। दिलचस्प रूप से मैक्गर्क ने पॉवरप्ले ओवर्स के दौरान 78 रन बना लिए थे। ये पॉवरप्ले ओवर्स में किसी बल्लेबाज का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर भी है।

IPL

कैसा रहा है मैक्गर्क का IPL करियर?  

दाएं हाथ के बल्लेबाज मैक्गर्क ने इसी संस्करण में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ IPL करियर का आगाज किया था। वह 5 मैचों में 49.40 की औसत और 237.50 की स्ट्राइक रेट से 247 रन बना चुके हैं। इसमें वह 3 अर्धशतक भी जड़ चुके हैं। आज उन्होंने अपने IPL करियर में सर्वोच्च स्कोर बनाया है। वह IPL 2024 में LSG और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ अर्धशतक लगा चुके हैं।