Page Loader
IPL 2023: क्या है पंजाब किंग्स की मजबूती और कमजोरी? जानिए टीम का विश्लेषण
पंजाब किंग्स की कप्तानी करेंगे शिखर धवन (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

IPL 2023: क्या है पंजाब किंग्स की मजबूती और कमजोरी? जानिए टीम का विश्लेषण

Mar 28, 2023
08:10 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 की शुरुआत 31 मार्च से होनी है, जिसमें पंजाब किंग्स (PBKS) अपने अभियान की शुरुआत 1 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ करेगी। पंजाब की टीम अब तक एक भी बार IPL का खिताब नहीं जीत सकी है। इस बार शिखर धवन के नेतृत्व में टीम नया इतिहास लिखने की कोशिश करेगी। आइए टीम की ताकत, कमजोरी और आंकड़ों के बारे में जानते हैं।

नीलामी 

नीलामी में पंजाब ने कर्रन पर लगाई थी रिकॉर्ड बोली 

IPL 2023 की नीलामी में इंग्लैंड के युवा ऑलराउंडर सैम कर्रन को पंजाब ने 18.50 करोड़ रुपये में खरीदा था। वह लीग इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए थे। उनके अलावा जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा (50 लाख रुपये) के रूप में उन्होंने एक और विदेशी ऑलराउंडर पर दांव लगाया था। भारतीय खिलाड़ियों की बात करें तो उन्होंने हरप्रीत भाटिया (40 लाख रुपये) और शिवम सिंह (20 लाख रुपये) को अपने साथ शामिल किया था।

टीम 

ऐसी है पंजाब की पूरी टीम 

इंग्लैंड के जॉनी बेयरस्टो चोट के कारण इस सीजन में नहीं खेल पाएंगे और उनके स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू शॉर्ट को शामिल किया गया है। पंजाब की पूरी टीम: शिखर धवन (कप्तान), शाहरुख खान, मैथ्यू शॉर्ट, प्रभसिमरन सिंह, भानुका राजपक्षे, जितेश शर्मा, राज बावा, ऋषि धवन, लियाम लिविंगस्टोन, अथर्व तायदे, अर्शदीप सिंह, बलतेज सिंह, नाथन एलिस, कगिसो रबाडा, राहुल चाहर, हरप्रीत बरार , सैम कर्रन, सिकंदर रजा, हरप्रीत भाटिया, विद्वाथ कावेरप्पा, मोहित राठी और शिवम सिंह।

मजबूती 

पंजाब के पास मौजूद हैं विश्व स्तरीय ऑलराउंडर 

पंजाब के पास धवन के रूप में सलामी बल्लेबाज मौजूद हैं, जो लीग में निरंतर रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं और अब तक 6,000 से अधिक रन बना चुके हैं। लियाम लिविंगस्टोन, रजा और कर्रन के रूप में टीम के पास विश्व स्तरीय ऑलराउंडर मौजूद हैं। तेज गेंदबाजी में कगिसो रबाडा विकेट लेने वाले विकल्प हैं जबकि अर्शदीप सिंह टीम की ताकत बनकर उभरे हैं। राहुल चाहर की लेग स्पिन, गेंदबाजी विभाग में विविधता जोड़ती है।

कमजोरी 

क्या है टीम की कमजोरी?

बेयरस्टो का नहीं होना टीम के लिए बड़ा झटका है। वह शीर्षक्रम में बल्लेबाजी करते हुए पॉवरप्ले का फायदा उठाने वाले बल्लेबाज हैं। राहुल चाहर के अलावा पंजाब के पास विशेषज्ञ स्पिन गेंदबाज नजर नहीं आता है। इसके अलावा टीम की बेंच स्ट्रेंथ भी कमजोर नजर आ रही है। पंजाब ने पिछले कुछ सालों में लगातार बदलाव किए हैं, जिसके चलते वह एक टीम के रूप में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके हैं।

प्लेइंग इलेवन 

पहले मैच में इस संयोजन के साथ उतर सकती है पंजाब 

अपने पहले मैच में पंजाब प्रभसिमरन सिंह और धवन की सलामी जोड़ी के साथ मैदान पर उतर सकती है। इसके बाद रजा, लियाम लिविंगस्टोन और जितेश शर्मा अन्य बल्लेबाज हो सकते हैं। बता दें, विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश ने पिछले सीजन के कुछ मैचों में प्रभावित किया था। मध्यक्रम में शाहरुख खान और कर्रन के रूप में मैच फिनिशर खेल सकते हैं। गेंदबाजी का जिम्मा हरप्रीत बरार, कगिसो रबाडा, अर्शदीप सिंह और राहुल चाहर संभाल सकते हैं।