Page Loader
IPL 2023: नीलामी में शामिल इन 5 शीर्ष ऑलराउंडर्स पर होंगी सबकी निगाहें
सैम कर्रन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टी-20 विश्व कप में 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' का पुरस्कार जीता था (तस्वीर: ट्विटर/@tim_drakez)

IPL 2023: नीलामी में शामिल इन 5 शीर्ष ऑलराउंडर्स पर होंगी सबकी निगाहें

Dec 17, 2022
07:31 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के अगले संस्करण के लिए नीलामी 23 दिसंबर को कोच्चि में होनी प्रस्तावित है। क्रिसमस से ठीक दो दिन पूर्व आयोजित होने वाली इस नीलामी में कई बड़े खिलाड़ियों की किस्मत बदलने की उम्मीद है। टी-20 में ऑलराउंडर्स की भूमिका काफी अहम हो जाती है। सभी फ्रेंचाइजियों की नजरें ऐसे खिलाड़ियों पर टिकी होंगे जो गेंद और बल्ले से कमाल कर सकें। आइए IPL 2023 नीलामी में पंजीकृत शीर्ष पांच ऑलराउंडर्स के बारे में जानते हैं।

बेन स्टोक्स

किसी भी समय मैच का पास पलटने में समक्ष हैं स्टोक्स

इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स एक अंतराल के बाद IPL में वापसी करने के लिए तैयार हैं। आगामी नीलामी में दो करोड़ की बेस प्राइस सूची में शामिल इस 31 वर्षीय खिलाड़ी पर कई बड़ी टीमें दांव लगा सकती हैं। इंग्लैंड को वनडे विश्व कप और टी-20 विश्व कप विजेता बनाने में इस खिलाड़ी का अहम योगदान रहा है। खासकर निर्णायक मैचों वे और निखरकर सामने आते हैं। IPL में उन्होंने दो शतकों के सहारे 920 रन बनाए हैं।

कैमरन ग्रीन

भारत के खिलाफ दमदार प्रदर्शन कर चर्चा में आए थे ग्रीन

ऑस्ट्रेलियन ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन ने अपने छोटे से करियर में अपनी आक्रामक शैली से काफी प्रभावित किया है। दो करोड़ की बेस प्राइस वाले ग्रीन इसी साल भारत के खिलाफ उसी के घर में लगातार दो तूफानी अर्धशतक जड़कर चर्चा में आए थे। ग्रीन ने उस सीरीज में 214.55 के जुझारू स्ट्राइक रेट से 118 रन बनाए, जिसमें पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 30 गेंदों में 61 रन भी शामिल थे। उन्हें शेन वाटसन का उत्तराधिकारी माना जा रहा है।

सैम कर्रन

सैम कर्रन को खरीदने के लिए टीमों में लग सकती है होड़

24 साल के स्टार इंग्लिश ऑलराउंडर सैम कर्रन इस समय अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में हैं। नीलामी में उन्हें दो करोड़ की बेस प्राइस वाली सूची में डाला गया है। सभी टीमों की नजरें इस खिलाड़ी पर टिकी होंगी। हाल ही में समाप्त हुए टी-20 विश्व कप में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' का खिताब जीता था। कर्रन (13) श्रीलंका के वनिंदु हसरंगा (15) के बाद दूसरे सर्वाधिक विकेट लेने वाले खिलाड़ी थे।

जानकारी

टी-20 विश्व कप के हीरो रहे थे कुर्रन

कर्रन ने टी-20 विश्व कप के पहले मैच में अफगानिस्तान के खिलाफ 5/10 के सर्वश्रेष्ठ आंकड़े के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत की थी। पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में उन्होंने दमदार प्रदर्शन ( 3/12) करते हुए 'प्लेयर ऑफ द मैच' का पुरस्कार जीता था।

सिकंदर रजा

36 की उम्र में भी जारी है सिकंदर का जलवा

सिकंदर रजा 36 साल की उम्र में अपना जलवा बिखेर रहे हैं। जिम्बाब्वे के इस स्टार ऑलराउंडर ने हाल के दिनों में एक के बाद एक शानदार प्रदर्शन कर प्रभावित किया है। 50 लाख की बेस प्राइस वाले सिकंदर ने पिछले महीने टी-20 विश्व कप के आठ मैचों में 27.38 की औसत से 10 विकेट लिए थे। इसके अलावा उन्होंने टूर्नामेंट में 147.97 की स्ट्राइक रेट से 219 रन भी बनाते हुए अपनी उपयोगिता दर्शाई थी।

जेसन होल्डर

इस बार वेस्टइंडीज से सबसे बड़े स्टार होंगे होल्डर

वेस्टइंडीज की ओर से इस बार क्रिस गेल, कीरोना पोलार्ड और ड्वेन ब्रावो मैदान में दिखाई नहीं देंगे। उनकी भरपाई करते दिखेंगे 31 साल के स्टार ऑलराउंडर जेसन होल्डर, जिन्हें 2 करोड़ की बेस प्राइस सूची में डाला गया है। पिचले सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की ओर से खेलने वाले होल्डर अब तक पांच टीमों के लिए खेल चुके हैं। IPL में उन्होंने 38 मैचों में 247 रन और 8.57 की इकॉनमी से 49 विकेट लिए हैं।

जानकारी

नीलामी के लिए 991 खिलाड़ियों ने कराया रजिस्ट्रेशन, जानें अन्य आंकड़े

नीलामी में कैप्ड भारतीय खिलाड़ी (19), कैप्ड अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी (166), एसोसिएट देशों के (20), पिछले IPL सीजन का हिस्सा अनकैप्ड भारतीय (91), पिछले IPL सीजन का हिस्सा अनकैप्ड अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी (3), अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी (604), अनकैप्ड अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी (88) ने रजिस्ट्रेशन कराया है।

टीम पर्स

किस टीम के पास कितने पैसे बचे हैं?

सनराइजर्स हैदराबाद: 42.25 करोड़ रुपये। पंजाब किंग्स: 32.20 करोड़। लखनऊ सुपरजायंट्स: 23.35 करोड़ रुपये। मुंबई इंडियंस: 20.55 करोड़ रुपये। चेन्नई सुपर किंग्स: 20.45 करोड़ रुपये। दिल्ली कैपिटल्स: 19.45 करोड़ रुपये। गुजरात टाइटन्स: 19.25 करोड़ रुपये। राजस्थान रॉयल्स: 13.20 करोड़ रुपये। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: 8.75 करोड़ रुपये। कोलकाता नाइट राइडर्स: 7.05 करोड़ रुपये।