Page Loader
IPL 2023: नीलामी में ये 5 खिलाड़ी सबसे महंगे बिके, तोड़े रिकॉर्ड
सैम कर्रन IPL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

IPL 2023: नीलामी में ये 5 खिलाड़ी सबसे महंगे बिके, तोड़े रिकॉर्ड

Dec 23, 2022
08:01 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 16वें सीजन के लिए शुक्रवार को कोच्चि में मिली नीलामी आयोजित हुई। नीलामी के शुरुआती घंटे में ही IPL नीलामी इतिहास का सबसे बड़ा रिकॉर्ड धराशाई हो गया। इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर सैम कर्रन को पंजाब किंग्स (PBKS) ने 18.50 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड बोली लगाकर खरीदा। इस बोली के साथ कर्रन IPL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। आइये जानते हैं इन नीलामी के पांच सबसे महंगे खिलाड़ियों के बारे में।

#1

सैम कर्रन: 18.50 करोड़ रुपये (पंजाब किंग्स)

कर्रन को की बेस प्राइस दो करोड़ रुपये थी। उन्हें खरीदने के लिए चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और PBKS के बीच होड़ दिखाई दी। कर्रन से पहले (इस नीलामी से पूर्व) IPL नीलामी में सबसे महंगे खिलाड़ी के रूप में बिकने का रिकॉर्ड क्रिस मॉरिस (16.25 करोड़) के नाम दर्ज था। मॉरिस को 2021 में राजस्थान रॉयल्स (RR) ने 16.25 करोड़ रुपये में खरीदा था। कर्रन ने 32 IPL मैचों में 337 रन बनाए हैं और 32 विकेट लिए हैं।

#2

कैमरन ग्रीन: 17.50 करोड़ रुपये (मुंबई इंडियंस)

शुक्रवार को नीलामी में ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन पर मुंबई इंडियंस (MI) ने भरोसा जताया। दो करोड़ रुपये के बेस प्राइज वाले ग्रीन को 17.50 करोड़ रुपये की भारी-भरकम कीमत पर खरीदा गया। इसी के साथ वह IPL इतिहास में अब तक के दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। ये उनका पहला IPL सीजन होगा। ग्रीन हाल ही में भारत के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में दमदार प्रदर्शन कर चर्चा में आए थे।

#3

बेन स्टोक्स: 16.25 करोड़ रुपये (चेन्नई सुपर किंग्स)

इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने 16.25 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड बोली लगाकर खरीदा। स्टोक्स को अपने बेस प्राइस (दो करोड़) से काफी ऊंची कीमत मिली है। स्टोक्स ने अपने IPL करियर में अब तक 43 मैच खेले हैं, जिसमें 25.56 की औसत के साथ 920 रन बनाए हैं। उनके नाम दो शतक और पांच अर्धशतक भी दर्ज हैं। स्टोक्स ने हाल में अपनी कप्तानी में इंग्लैंड को टी-20 विश्व कप विजेता बनाया था।

#4

निकोलस पूरन: 16 करोड़ रुपये (लखनऊ सुपर जायंट्स)

वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज निकोलस पूरन को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने 16 करोड़ रुपये में खरीदा है। उनका बेस प्राइज दो करोड़ था। पिछले सीजन (2022) वह सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की ओर से खेले थे। तब उन्होंने 14 मैचों में 38.25 की औसत से 306 रन बनाए थे। पूरन ने अब तक IPL के 47 मैचों में 26.06 की औसत और 151.24 की स्ट्राइक रेट से 912 रन बनाए हैं। उन्होंने चार अर्धशतक भी जमाए हैं।

#5

हैरी ब्रूक: 13.25 करोड़ रुपये (सनराइजर्स हैदराबाद)

इंग्लैंड के विस्फोटक बल्लेबाज हैरी ब्रूक IPL 2023 में सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेलते हुए दिखाई देंगे। उन्हें SRH ने 13.25 करोड़ रुपये में की अप्रत्याशित कीमत पर खरीदा। ब्रूक ने अपने टी-20 करियर में 99 मैचों में 148.38 की स्ट्राइक रेट से 2,432 रन बनाए हैं। उनके नाम एक शतक और नौ अर्धशतक दर्ज हैं। वह बिग बैश लीग (BBL) और पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में जलवा बिखेर चुके हैं।