Page Loader
IPL 2023 नीलामी: कैमरून ग्रीन को मुंबई इंडियंस ने 17.50 करोड़ रुपये में खरीदा
पहली बार IPL में खेलते दिखेंगे ग्रीन (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

IPL 2023 नीलामी: कैमरून ग्रीन को मुंबई इंडियंस ने 17.50 करोड़ रुपये में खरीदा

Dec 23, 2022
03:42 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 की नीलामी में ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन को मुंबई इंडियंस ने खरीदा है। दो करोड़ रुपये के बेस प्राइज वाले ग्रीन को 17.50 करोड़ रुपये में खरीदा गया है। यह पहला मौका है जब ग्रीन IPL में किसी टीम के साथ जुड़े हैं। वह बिग बैश लीग (BBL) में पर्थ स्कॉचर्स की टीम से खेलते हैं। वह ऑस्ट्रेलिया की ओर से सभी प्रारूप में खेलते हैं।

आंकड़े

भारत दौरे में ग्रीन ने किया था प्रभावित

ग्रीन इसी साल भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ उसी के घर में लगातार दो तूफानी अर्धशतक जड़कर चर्चा में आए थे। ग्रीन ने उस टी-20 सीरीज में 214.55 के स्ट्राइक रेट से 118 रन बनाए थे। उस सीरीज के पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय में उन्होंने 30 गेंदों में 61 रन बनाए थे। ग्रीन ने अब तक आठ टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में बल्ले से 139 रन और गेंदबाजी में पांच विकेट लिए हैं।

महंगे खिलाड़ी

दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी

ग्रीन IPL इतिहास की नीलामी में दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे ठीक पहले इसी नीलामी में पंजाब किंग्स ने इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम कर्रन को 18.5 करोड़ रुपये में खरीदा था। ग्रीन IPL में ऑस्ट्रेलिया के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने पैट कमिंस को पीछे छोड़ दिया है, जिन्हें 2020 की नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स से 15.5 करोड़ रुपये में अपने साथ शामिल किया था।

जानकारी

ग्रीन ने खेले हैं अब तक 21 टी-20 मैच

ग्रीन ने अब तक 21 टी-20 मैच खेले हैं, जिसमें 137.64 की स्ट्राइक रेट से 245 रन बनाए हैं। दूसरी तरफ गेंदबाजी में उन्होंने पांच विकेट लिए हैं। वह बिग बैश लीग में पर्थ स्कॉचर्स की ओर से खेलते हैं।

MI

पोलार्ड की जगह भरने का प्रयास करेंगे ग्रीन

MI के पूर्व दिग्गज किरोन पोलार्ड ने IPL से संन्यास ले लिया है, ऐसे में ग्रीन पर उनकी जगह भरने की जिम्मेदारी होगी। ग्रीन को टीम में जोड़ने के बाद MI की बल्लेबाजी को और मजबूती मिलेगी, जिसमें सूर्यकुमार यादव, कप्तान रोहित शर्मा, इशान किशन, टिम डेविड और ट्रिस्टन स्टब्स मौजूद हैं। दूसरी तरफ गेंदबाजी विभाग में वह जसप्रीत बुमराह और जोफ्रा आर्चर की मदद करते हुए नजर आएंगे।