LOADING...
IPL 2022: कौन हैं पंजाब के तेज गेंदबाज वैभव अरोड़ा?
वैभव अरोड़ा

IPL 2022: कौन हैं पंजाब के तेज गेंदबाज वैभव अरोड़ा?

Apr 05, 2022
07:11 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 के 11वें मुकाबले में पंजाब किंग्स (PBKS) ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 54 रनों से हराकर अपनी दूसरी जीत दर्ज की। बीते रविवार को हुए उस मुकाबले में PBKS की ओर से तेज गेंदबाज वैभव अरोड़ा ने अच्छा प्रदर्शन किया और दो विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई। इस बीच 24 वर्षीय अरोड़ा के अब तक के क्रिकेटिंग सफर पर एक नजर डालते हैं।

शुरुआत

2018 में हिमाचल प्रदेश चले गए थे अरोड़ा

अरोड़ा का जन्म 14 दिसंबर 1997 को अंबाला में हुआ था। 14 साल की उम्र में वह चंडीगढ़ चले गए और उन्होंने डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में दाखिला लिया। इसके बाद वह एक स्थानीय क्रिकेट अकादमी में शामिल हो गए। अरोड़ा को पंजाब के अंडर-19 टीम कैंप में तीन बार चुना गया था, हालांकि उन्हें कभी खेलने का मौका नहीं मिला। इसके बाद वह 2018 में हिमाचल प्रदेश चले गए, जहां से उन्होंने अपना क्रिकेट खेलना जारी रखा है।

घरेलू क्रिकेट

लिस्ट-A डेब्यू में ली हैट्रिक

अरोड़ा ने 2019 में हिमचाल प्रदेश की ओर से अपना प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण किया। उन्होंने 2021 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपना टी-20 डेब्यू किया, जहां छह मैचों में उन्होंने 10 विकेट लिए और उनकी टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में सफल रही थी। पिछले साल विजय हजारे ट्रॉफी में अपने पदार्पण के दौरान, अरोड़ा ने महाराष्ट्र के खिलाफ हैट्रिक लेते हुए चार विकेट (4/45) लिए थे।

Advertisement

IPL नीलामी

दो करोड़ में पंजाब ने अरोड़ा को खरीदा

कोलकाता नाइट राइडर्स ने अरोड़ा को IPL 2021 की नीलामी में 20 लाख रुपये देकर खरीदा था लेकिन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला। इससे पहले उन्होंने IPL 2020 में पंजाब किंग्स के लिए नेट बॉलर के रूप में काम किया था। IPL 2022 नीलामी के दौरान पंजाब ने उन पर भरोसा जताते हुए दो करोड़ रुपये देकर अपने साथ शामिल किया।

Advertisement

IPL डेब्यू

अरोड़ा ने अपने पहले मैच में किया प्रभावित

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ मुकाबले के लिए अरोड़ा को संदीप शर्मा से ऊपर तरजीह देते हुए प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया, जहां उन्होंने प्रभावित किया। अरोड़ा ने पावरप्ले के ओवरों के अंदर रॉबिन उथप्पा और मोइन अली जैसे दिग्गजों को आउट किया, जिससे CSK की शुरुआत खराब हो गई। अरोड़ा ने अपने चार ओवरों में 21 रन देकर दो विकेट लिए।

जानकारी

एक समय क्रिकेट छोड़ने का मन बना चुके थे अरोड़ा

अरोड़ा ने कुछ साल पहले आर्थिक तंगी के चलते क्रिकेट छोड़ने की सोची थी, लेकिन उनके कोच रवि वर्मा ने उनका साथ दिया। कोच ने उन्हें 2018 में हिमाचल प्रदेश में स्थानांतरित करने में मदद की थी।

Advertisement