आलिया भट्ट की 'अल्फा' OTT पर होगी रिलीज? इस कारण हाे सकता है ये बदलाव
क्या है खबर?
यशराज फिल्म्स ने अपने स्पाई यूनिवर्स के जरिए 'टाइगर फ्रैंचाइजी', 'पठान' और 'वॉर' जैसी कई पुरुष प्रधान फिल्में बनाईं और दर्शकों का प्यार हासिल किया है। इस यूनिवर्स का हिस्सा आलिया भट्ट और शरवरी वाघ भी बन गई हैं। उनकी महिला प्रधान स्पाई जासूसी फिल्म 'अल्फा' को 2026 में रिलीज किया जाना तय है। हालिया जानकारी में पता चला है कि निर्माता फिल्म को सिनेमाघरों में उतारने की बजाए सीधे OTT पर रिलीज करने की योजना बना रहे हैं।
वजह
रानी मुखर्जी की 'मर्दानी 3' है असली वजह
सैकनिल्क के मुताबिक, आलिया अभिनीत फिल्म 'अल्फा' को सीधे OTT पर रिलीज किया जा सकता है। यह उन लोगों के लिए झटका साबित होगा जो इसकी भव्य रिलीज का इंतजार कर रहे थे। व्यापार विशेषज्ञों का मानना है कि आदित्य चोपड़ा फिल्म के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सोच-समझकर यह कदम उठा रहे हैं। दरअसल, रानी मुखर्जी की एकल महिला प्रधान फिल्म 'मर्दानी 3' सिनेमाघरों में बढ़िया प्रदर्शन नहीं कर रही है। इसलिए निर्माता कोई रिस्क नहीं लेना चाहते।
फिल्म
OTT से फायदा कमाने की फिराक में निर्माता
रिपोर्ट के मुताबिक, ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर की 'वॉर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन किया। इसने लगभग 282 करोड़ कमाए थे, जबकि आजकल बड़ी फिल्में 500 करोड़ के क्लब में आसानी से शामिल हो रही हैं। फिर 'मर्दानी 3' में आ रही बाधाओं को देखते हुए, ऐसी खबरें हैं कि 'अल्फा' सीधे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज हो सकती है। इस कदम से फिल्म को स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स के साथ साझेदारी का फायदा लेने का मौका मिलेगा।