IPL 2022: जानिए कौन हैं मुकेश चौधरी, जिन्होंने रोहित और ईशान को जीरो पर आउट किया
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में बीती रात चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने बेहद रोमांचक मुकाबले में मुंबई इंडियंस (MI) को हरा दिया।
मुंबई द्वारा दिए 156 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई ने महेंद्र सिंह धोनी (28*) के आखिरी गेंद पर चौके की मदद से मैच जीत लिया।
धोनी के अलावा तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी भी जीत के नायक बने, जिन्होंने तीन महत्वपूर्ण विकेट लिए।
इस बीच मुकेश के अब तक के सफर पर नजर डालते हैं।
मुंबई बनाम चेन्नई
मुंबई के खिलाफ मुकेश बने 'प्लेयर ऑफ द मैच'
मुकेश ने अपने पहले ओवर की दूसरी गेंद में ही विपक्षी कप्तान रोहित शर्मा को शून्य पर आउट किया। वहीं रोहित के साथ पारी की शुरुआत करने आए ईशान किशन भी मुकेश की गेंद पर बोल्ड हो गए। किशन भी अपना खाता नहीं खोल सके।
इसके बाद मुकेश ने डेवाल्ड ब्रेविस के रूप में अपना तीसरा विकेट लिया। उन्होंने तीन ओवर गेंदबाज की, जिसमें 19 रन देकर तीन विकेट लिए। उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया था।
जानकारी
स्कूली शिक्षा के लिए पुणे गए थे मुकेश, महाराष्ट्र से शुरू किया करियर
राजस्थान के भिलवाड़ा जिले में जन्में मुकेश ने महाराष्ट्र से अपने क्रिकेटिंग करियर की शुरुआत की है।
मुकेश को बचपन से ही क्रिकेट, बास्केटबॉल, हॉकी और वॉलीबाल खेलने का शौक था। हालांकि, इन सबमें से क्रिकेट उनका पसंदीदा खेल था।
जब शिक्षा के लिए मुकेश का एडमिशन उनके पिता ने पुणे के बोर्डिंग स्कूल में कर दिया, तब वहां से उन्होंने क्रिकेट को गंभीरता से लेना शुरू किया।
घरेलू करियर
2017 में मुकेश ने किया अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू
मुकेश ने 2017 में महाराष्ट्र की ओर से अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू किया। उन्होंने अब तक 13 फर्स्ट क्लास मैचों में 33.44 की औसत से 38 विकेट लिए हैं।
इसके बाद 2019 में ओडिशा के खिलाफ उन्होंने अपना लिस्ट-A डेब्यू किया। वह अब तक 12 लिस्ट-A मैचों में 37.88 की औसत से 17 विकेट लिए हैं।
इसके अलावा वह अब तक 18 टी-20 मैचों में 23 विकेट ले चुके हैं।
नेट गेंदबाज
चेन्नई के नेट गेंदबाज रह चुके हैं मुकेश
मुकेश विजय हजारे ट्रॉफी 2021 में महाराष्ट्र की ओर से सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे।
इससे पहले मुकेश चेन्नई के लिए नेट बॉलर भी रह चुके हैं। उन्हें IPL 2022 की नीलामी में 20 लाख रुपये में खरीदा गया था।
चेन्नई के मुख्य तेज गेंदबाज दीपक चाहर चोट के चलते मौजूदा सीजन से बाहर हो गए हैं और ऐसे में गेंद को स्विंग कराने के लिए माहिर मुकेश पर टीम ने लगातार भरोसा जताया है।
जानकारी
ऐसा रहा है मुकेश का IPL में प्रदर्शन
IPL 2022 में मुकेश ने अब तक छह मैचों में 28.29 की औसत से सात विकेट ले लिए हैं। मुंबई के खिलाफ (3/19) उन्होंने अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। उन्होंने लखनऊ के खिलाफ अपना IPL डेब्यू किया था।