IPL 2022: अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंची लखनऊ का अब तक कैसा रहा है प्रदर्शन?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में शनिवार रात को खेले गए 53वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 75 रनों से हराकर अपनी आठवीं जीत दर्ज की है। इस बड़ी जीत के साथ LSG ने अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है और गुजरात टाइटंस (GT) दूसरे स्थान पर खिसक गई है। इस बीच आइये जानते हैं कि IPL 2022 में LSG का अब तक का प्रदर्शन कैसा रहा है।
LSG ने पहले खेलते हुए क्विंटन डिकॉक के अर्धशतक (50) की मदद से 176/7 का स्कोर बनाया। डिकॉक ने अलावा दीपक हूडा (27 गेंदों में 41 रन) और मार्कस स्टोइनिस (14 गेंदों में 28 रन) ने अहम योगदान दिया। जवाब में KKR ने 25 के स्कोर तक चार विकेट खो दिए। मध्यक्रम में रसेल की 19 गेंदों में 45 रनों की पारी के बावजूद टीम 101 पर ही सिमट गई। LSG से आवेश ने 19 रन देकर तीन विकेट लिए।
LSG को शीर्ष तक पहुंचाने में कप्तान केएल राहुल का बड़ा हाथ है। उन्होंने मौजूदा सीजन में 11 मैचों के बाद 50.11 की उम्दा औसत से 451 रन बना लिए हैं। वह फिलहाल जोस बटलर (618) के बाद ऑरेंज कैप की रेस में दूसरे पायदान पर हैं। राहुल के जोड़ीदार क्विंटन डिकॉक के लिए भी सीजन अच्छा बीता है। उन्होंने 31.27 की औसत से 344 रन बना लिए हैं। दीपक हूडा ने 29.09 की औसत से 320 रन बनाए हैं।
IPL 2022 में राहुल ने दो शतक लगा लिए हैं और वह जोस बटलर (3) के बाद दूसरे सर्वाधिक शतक वाले बल्लेबाज हैं। बता दें राहुल ने दोनों शतक मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ जड़े हैं।
LSG से आवेश खान सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने हुए हैं। उन्होंने नौ मैचों में 19.00 की औसत के साथ 14 विकेट ले लिए हैं। कैरेबियाई ऑलराउंडर जेसन होल्डर ने नौ मैचों में 24.41 की गेंदबाजी औसत से 12 विकेट ले लिए हैं। युवा तेज गेंदबाज मोहसिन खान ने पांच मैचों में 10.11 की औसत से नौ विकेट झटके हैं। इस बीच उनका इकॉनमी रेट छह से कम (5.35) रही है।
IPL 2022 में LSG को अपने 11 मैचों के बाद गुजरात, राजस्थान और बैंगलोर के खिलाफ हार मिली है। दूसरी तरफ LSG ने पंजाब, चेन्नई, कोलकाता और हैदराबाद को एक-एक बार, जबकि दिल्ली और मुंबई को दो-दो बार हराया है। रनों के मामले में LSG ने अपनी सबसे बड़ी जीत कोलकाता के खिलाफ 75 रन से दर्ज की है। अपने पिछले चार मैचों से LSG अजेय बनी हुई है।