LSG बनाम KKR: लखनऊ ने बड़ी जीत दर्ज कर हासिल किया शीर्ष स्थान, बने ये रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 के 53वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 75 रनों से हराकर अपनी आठवीं जीत दर्ज की है।
LSG ने पहले खेलते हुए क्विंटन डिकॉक के अर्धशतक (50) की मदद से 176/7 का स्कोर बनाया।
जवाब में KKR के बल्लेबाजों ने निराश किया और पूरी टीम 14.3 ओवरों में 101 पर ही सिमट गई।
मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
एकतरफा अंदाज में जीती लखनऊ
LSG से राहुल शून्य पर रन आउट हो गए। शुरुआती झटके के बाद डिकॉक ने दीपक हूडा के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 71 रन जोड़े। डिकॉक ने अर्धशतक लगाया, जबकि हूडा ने 27 गेंदों में 41 रन बनाए।
अंतिम ओवरों में मार्कस स्टोइनिस ने 14 गेंदों में 28 रन बनाकर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।
जवाब में KKR ने 25 के स्कोर तक चार विकेट खो दिए। रसेल ने संघर्ष किया, जो जीत के लिए नाकाफी था।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)
IPL 2022 में LSG ने रनों के मामले में अपनी अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। LSG अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है। गुजरात टाइटंस (GT) दूसरे स्थान पर खिसक गई है।
डिकॉक
डिकॉक ने जड़ा 19वां अर्धशतक
पारी की शुरुआत करने आए डिकॉक ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और पॉवरप्ले में तेजी से रन बटोरे।
उन्होंने 27 गेंदों में अपने IPL करियर का 19वां अर्धशतक पूरा किया। मौजूदा सीजन में यह उनका तीसरा अर्धशतक है।
डिकॉक ने 29 गेंदों में चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 50 रनों की पारी खेली। अपने IPL करियर में उन्होंने अब तक 31.32 की औसत से 2,600 रन बना लिए हैं।
रसेल
रसेल ने खेली आक्रामक पारी
लक्ष्य का पीछा करते हुए रसेल ने अपने चिर-परिचित अंदाज में बल्लेबाजी की। उन्होंने 19 गेंदों में 45 रन बनाए। अपनी आक्रामक पारी के दौरान उन्होंने तीन चौके और पांच शानदार छक्के भी लगाए।
रसेल को दूसरे छोर से किसी अन्य बल्लेबाज का साथ नहीं मिला और वह आवेश खान की गेंद पर होल्डर को कैच थमा बैठे।
IPL 2022 में रसेल ने 11 मैचों में 38.85 की औसत से 244 रन बना लिए हैं।
रिकॉर्ड्स
मैच में बने अन्य रिकॉर्ड्स
सुनील नरेन ने अच्छी गेंदबाजी की और अपने चार ओवरों में 20 रन देकर एक विकेट लिया। उनके अब 145 मैचों में 151 विकेट हो गए हैं। नरेन ने हरभजन सिंह (150) को पीछे छोड़ दिया है।
रसेल 2018 के बाद से सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उनके अब IPL 2018 से अब तक 133 छक्के हो गए हैं और उन्होंने केएल राहुल (130) को पीछे छोड़ा है।