IPL 2022: कौन हैं गुजरात टाइटंस के बल्लेबाज साई सुदर्शन?

बीती रात (3 मई) इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 के 48वें मुकाबले में पंजाब किंग्स (PBKS) ने गुजरात टाइटंस (GT) को आठ विकेट से हरा दिया। इस मैच में GT के लिए 20 साल के साई सुदर्शन ने नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। यह उनके IPL करियर का पहला अर्धशतक है। हालांकि, उनकी टीम मैच हार गई। आइए जानते हैं कौन हैं सुदर्शन और कैसा रहा है उनका अब तक का सफर।
17 के स्कोर पर पहला विकेट गिरने के बाद साई सुदर्शन बल्लेबाजी के लिए आए थे। देखते ही देखते टीम का स्कोर 67/4 हो गया था। एक छोर से लगातार विकेट गिरते रहे, लेकिन दूसरे छोर से सुदर्शन ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। तीसरे ओवर में बल्लेबाजी करने आए सुदर्शन ने 50 गेंदों में नाबाद 65 रनों की पारी खेलते हुए अपना पहला IPL अर्धशतक पूरा किया और नाबाद रहे। सुदर्शन ने अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया।
15 अक्टूबर, 2001 को चेन्नई में जन्में सुदर्शन के खून में ही खेल रचा बसा है। दरअसल, उनके पिता भारद्वाज एक एथलीट रहे हैं, जिन्होंने दक्षिण एशियाई खेलों (SAF) में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। दूसरी तरफ उनकी मां उषा भारद्वाज वॉलीबॉल में राज्य स्तर पर तमिलनाडु की खिलाड़ी रह चुकी हैं। अपने माता-पिता के समर्थन के बाद सुदर्शन ने क्रिकेट में अपना करियर बनाया है।
सुदर्शन ने तमिलनाडु प्रीमियर लीग (TNPL) 2021 में जबरदस्त प्रदर्शन करके अपनी पहचान बनाई थी। उन्होंने उस लीग में लाइका कोवई किंग्स की ओर से खेलते हुए 71.60 की औसत और 143.77 की स्ट्राइक रेट से आठ पारियों में 358 रन बनाए थे। वह उस सीजन में दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बने थे। इससे पहले सुदर्शन TNPL में चेपॉक सुपर गिल्लीज के दल का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला था।
TNPL में छाप छोड़ने के बाद सुदर्शन को टी-20 प्रारूप में खेली जाने वाली सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2021-22 में तमिलनाडु की टीम में चुना गया। उन्होंने मुश्ताक अली ट्रॉफी के सात मैचों में 36.40 की औसत और 119.73 की स्ट्राइक रेट के साथ 182 रन बनाए थे। सुदर्शन ने अपने टी-20 डेब्यू में महाराष्ट्र के खिलाफ 19 गेंदों में ही 35 रन जड़कर अच्छा आगाज किया था।
घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद सुदर्शन को IPL 2022 के मेगा ऑक्शन में गुजरात टाइटंस (GT) ने 20 लाख रुपये के उनके बेस प्राइस में अपने साथ शामिल कर लिया।
बाएं हाथ के बल्लेबाज सुदर्शन ने पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ ब्रेबोर्न स्टेडियम में अपना IPL डेब्यू किया। उन्होंने उस मैच में 30 गेंदों में 35 रन बनाए थे। सुदर्शन ने अब तक चार मैचों में 43.67 की औसत और 127.18 की स्ट्राइक रेट से 131 रन बना लिए हैं। इस दौरान उन्होंने एक अर्धशतक लगाया है। IPL 2022 में सुदर्शन के पिछले चार स्कोर क्रमशः 65*, 20, 11 और 35 हैं।