Page Loader
IPL 2022: 12 अप्रैल से पहले RCB के लिए उपलब्ध नहीं रह पाएंगे जोश हेजलवुड- रिपोर्ट

IPL 2022: 12 अप्रैल से पहले RCB के लिए उपलब्ध नहीं रह पाएंगे जोश हेजलवुड- रिपोर्ट

Apr 05, 2022
09:01 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के लिए बुरी खबर सामने आई है। दरअसल, स्टार गेंदबाज जोश हेजलवुड अब तक RCB से नहीं जुड़ सके हैं और उनके लगभग एक हफ्ते टीम से बाहर रहने की संभावना है। बता दें हेजलवुड पाकिस्तान दौरे पर ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम का हिस्सा थे। उन्हें भारत आकर तीन दिन के अनिवार्य क्वारंटाइन से गुजरना होगा। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

रिपोर्ट

12 अप्रैल से उपलब्ध रह सकेंगे हेजलवुड- रिपोर्ट

हेजलवुड के 12 अप्रैल से टीम के साथ जुड़ने की उम्मीद जताई जा रही है। IPL के सूत्र ने PTI को बताया, "अगले कुछ दिनों में हेजलवुड RCB में शामिल हो जाएंगे। दूसरे खिलाड़ियों की तरह वह पाकिस्तान सीरीज के बाद सीधे अपने फ्रेंचाइजी से नहीं जुड़े थे। उन्होंने व्यक्तिगत कारणों से एक छोटा ब्रेक लिया है।" अगर हेजलवुड पाकिस्तान से सीधे भारत लौट जाते तो 09 अप्रैल से होने वाले मुकाबले से उपलब्ध रह सकते।

जानकारी

हेजलवुड को RCB ने 7.25 करोड़ रुपये देकर खरीदा

पिछले सीजन में CSK से खेलते हुए हेजलवुड ने नौ मैचों में 26.63 की औसत से 11 विकेट लिए थे। उन्होंने दूसरे हॉफ में अच्छा प्रदर्शन किया था। उन्हें RCB ने IPL 2022 की नीलामी में 7.25 करोड़ रुपये देकर अपने साथ शामिल किया था।

मैक्सवेल

आज का मैच नहीं खेल सकेंगे मैक्सवेल

RCB को राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ आज (5 अप्रैल) वानखेड़े स्टेडियम में मुकाबला खेलना है, जिसमें स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल उपलब्ध नहीं रहेंगे। दरअसल, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) के दिशानिर्देशों के अनुसार, कोई भी अनुबंधित ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी 6 अप्रैल से पहले IPL 2022 में भाग नहीं ले सकता है। बता दें पिछले महीने मैक्सवेल ने शादी की थी, जिसके चलते वह पाकिस्तान दौरे पर भी नहीं गए थे।

IPL 2022

RCB ने जीता है फिलहाल एक मैच

IPL 2022 में RCB को अपने पहले मैच में पंजाब किंग्स (PBKS) के हाथों पांच विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी थी। वहीं दूसरे मैच में RCB ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ तीन विकेट से जीत दर्ज की थी। दो मैच खेलने के बाद फिलहाल RCB अंक तालिका में सातवें स्थान पर मौजूद है। फाफ डु प्लेसिस की कप्तानी में RCB का अगला मैच राजस्थान रॉयल्स (RR) से होना है।