Page Loader
IPL 2022: जानिए कैसे सुरेश रैना से प्रभावित हुए थे मुंबई इंडियंस के तिलक वर्मा
तिलक वर्मा

IPL 2022: जानिए कैसे सुरेश रैना से प्रभावित हुए थे मुंबई इंडियंस के तिलक वर्मा

Apr 05, 2022
05:47 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में हर बार की तरह इस बार भी कुछ नये चेहरे उम्दा प्रदर्शन करके विश्व क्रिकेट में अपनी छाप छोड़ रहे हैं। ऐसे ही मुंबई इंडियंस (MI) के तिलक वर्मा, जिन्होंने IPL 2022 के अपने शुरुआती दोनों मैचों में अच्छा प्रदर्शन किया है। बाएं हाथ के बल्लेबाज तिलक, मिस्टर IPL के नाम से मशहूर सुरेश रैना से प्रभावित रहे हैं। यह जानकारी उनके बच्चपन के कोच सलाम बयाश ने दी है।

IPL 2014

2014 में रैना से मिले थे 12 साल के तिलक वर्मा

2014 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की टीम सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ मुकाबले के लिए हैदराबाद में मौजूद थी, जहां सुरेश रैना ने एक फोटो सेशन के लिए बच्चों से मुलाकात की, इनमें तब 12 साल के तिलक वर्मा भी शामिल थे। कोच सलाम ने बताया, "मेरी पहचान का एक मैनेजर था, जिसकी मदद से हम ग्राउंड में प्रैक्टिस देखने के लिए गए और मैं अपने साथ तिलक को भी ले गया था। तिलक पर रैना का प्रभाव पड़ा।"

बयान

रैना से मुलाकात ने तिलक को क्रिकेटर बनने के लिए प्रेरित किया

कोच सलाम का मानना है कि रैना के साथ छोटी से मुलाकात ने तिलक को क्रिकेटर बनने के लिए प्रेरित किया था। उन्होंने कहा, "मुझे याद है कि तिलक, रैना की बल्लेबाजी को देखकर हैरान रह गया था और उनके द्वारा खेले गए हर शॉट को देखता था। फिर हमने उनके साथ फोटो खिंचवाई और मुझे लगता है कि रैना के साथ विशेष मुलाकात के बाद तिलक ने यह तय कर लिया था कि वह क्रिकेटर बनना चाहते हैं।"

जानकारी

IPL 2022 में फिलहाल ऐसा रहा है तिलक का प्रदर्शन

IPL 2022 में तिलक ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपने पहले मुकाबले में 22 और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ दूसरे मुकाबले में 61 रन बनाए थे। हालांकि, दोनों मैचों में उनकी टीम को हार मिली है।

नीलामी

मुंबई ने 1.7 करोड़ रुपये में तिलक को खरीदा था

हैदराबाद की ओर से घरेलू क्रिकेट खेलने वाले तिलक वर्मा को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 की नीलामी में मुंबई इंडियंस ने 1.70 करोड़ रुपये में शामिल किया था। उन्होंने अपना बेस प्राइस दो करोड़ रुपये निर्धारित किया था। बाएं हाथ के बल्लेबाज तिलक ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2021-22 में 35.83 की औसत और 147.26 की स्ट्राइक रेट से 215 रन बनाए थे, जिसका फायदा उन्हें नीलामी में मिला था।

करियर

ऐसा रहा है तिलक का करियर

तिलक ने 16 लिस्ट-A मैच खेले हैं, जिसमें 52.26 की औसत से 784 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 156* के सर्वोच्च स्कोर के साथ तीन शतक और इतने ही अर्धशतक लगाए हैं। तिलक ने अपने चार फर्स्ट क्लास मैच में 255 रन बनाए हैं। इसके अलावा उन्होंने 17 टी-20 मैचों में 31 की औसत से 464 रन बनाए हैं। 20 वर्षीय ने तिलक ने टी-20 में चार अर्धशतक लगा लिए हैं।