Page Loader
IPL 2022: हर्षल पटेल की बहन का हुआ निधन, बबल छोड़कर घर हुए रवाना
तस्वीर-Twitter/@RCBTweets

IPL 2022: हर्षल पटेल की बहन का हुआ निधन, बबल छोड़कर घर हुए रवाना

Apr 10, 2022
02:18 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में हिस्सा ले रहे रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के स्टार गेंदबाज हर्षल पटेल की बहन का निधन हो गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक हर्षल कल रात ही पुणे से अपने घर चले गए हैं। उनके एक दिन के बाद वापस टीम से जुड़ने की संभावना है। हालांकि, अब तक इस बारे में RCB से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

रिपोर्ट्स

RCB और MI के बीच हुए मैच के दौरान हुई हर्षल की बहन की मृत्यु

दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार कल रात RCB और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच पुणे में खेले जा रहे मैच के दौरान हर्षल की बहन की मृत्यु की खबर सामने आई। इस मैच के ठीक बाद RCB टीम प्रबंधन ने हर्षल को घर वापस भेज दिया। बता दें हर्षल की बहन पिछले कुछ समय से बीमार चल रही थी। हालांकि, इस बारे में ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।

संभावना

12 अप्रैल से पहले टीम के साथ जुड़ जाएंगे हर्षल

इस समय IPL 2022 के लीग मैच महाराष्ट्र के चार स्टेडियम में खेले जा रहे हैं, जिसमें हिस्सा लेने वाली सभी टीमें बायो-बबल में मौजूद है। PTI के मुताबिक हर्षल, चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ 12 अप्रैल को होने वाले मुकाबले से पहले बबल में प्रवेश कर जाएंगे। स्पष्ट करदें कि अभी तक आयोजनकर्ताओं या RCB की ओर से कोई भी आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

जानकारी

IPL 2022 में हर्षल का प्रदर्शन

IPL 2022 में हर्षल ने अब तक चार मैचों में 14.66 की औसत और 5.50 की इकॉनमी रेट से छह विकेट ले लिए हैं। इस बीच 11 रन देकर दो विकेट लेना उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है।

लेखा-जोखा

फिलहाल RCB ने जीत लिए हैं तीन मैच

फाफ डु प्लेसिस की कप्तानी में RCB ने मौजूदा सीजन में अच्छी शुरुआत की है और फिलहाल चार में से तीन मैच जीत लिए हैं। RCB को अपने पहले मैच में पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ हार मिली थी। इसके बाद उन्होंने जीत की हैट्रिक लगाई है। इस बीच RCB ने कोलकाता नाइट राइडर्स, राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस को हराया है। फिलहाल RCB अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है।