LOADING...
IPL 2022: अंकतालिका में शीर्ष पर चल रही राजस्थान रॉयल्स का आंकड़ों में प्रदर्शन
शीर्ष पर मौजूद है राजस्थान (तस्वीर- Twitter/@IPL)

IPL 2022: अंकतालिका में शीर्ष पर चल रही राजस्थान रॉयल्स का आंकड़ों में प्रदर्शन

Apr 27, 2022
05:58 pm

क्या है खबर?

बीती रात इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 के 39वें मैच में राजस्थान रॉयल्स (RR) ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) को 29 रनों से हरा दिया। संजू सैमसन की अगुआई में राजस्थान ने मौजूदा सीजन में अपनी छठी जीत दर्ज की और इसके साथ ही अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। राजस्थान ने गुजरात टाइटंस (GT) को पीछे छोड़कर पहले स्थान पर कब्जा जमाया। इस बीच राजस्थान के IPL 2022 में प्रदर्शन पर नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा

शानदार रहा है राजस्थान का प्रदर्शन

IPL 2022 में राजस्थान को अपने आठ मैचों में से सिर्फ बैंगलोर और गुजरात के खिलाफ हार मिली है। राजस्थान को बैंगलोर ने चार विकेट से जबकि गुजरात ने 37 रनों से हराया। दूसरी तरफ राजस्थान ने हैदराबाद, मुंबई, लखनऊ, कोलकाता, दिल्ली और बैंगलोर को एक-एक बार हराया है। मौजूदा सीजन में रनों के मामले में राजस्थान ने अपनी सबसे बड़ी जीत हैदराबाद के खिलाफ 61 रन से दर्ज की है।

जानकारी

राजस्थान ने बनाया है सर्वोच्च टीम स्कोर

IPL 2022 में फिलहाल सबसे बड़े टीम स्कोर का रिकॉर्ड भी राजस्थान के नाम दर्ज है। बता दें दिल्ली के खिलाफ राजस्थान ने 222/2 का स्कोर बनाया था। उस मैच में जोस बटलर ने शतक लगाया था।

Advertisement

बटलर

बटलर ने बनाए हैं सर्वाधिक रन

जोस बटलर इस सीजन में शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने अब तक आठ मैचों में 71.28 की औसत और 159.42 की स्ट्राइक रेट से 499 रन बना लिए हैं। इस बीच उन्होंने तीन शतक और दो अर्धशतक भी लगा लिए हैं। बटलर ने अब तक 32 छक्के और 42 चौके भी लगा लिए हैं। वह IPL 2022 में फिलहाल सबसे ज्यादा रन, सबसे ज्यादा शतक और सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं।

Advertisement

चहल

चहल ने लिए हैं सर्वाधिक विकेट

गेंदबाजी में युजवेंद्र चहल के लिए अब तक शानदार सीजन बीता है। उन्होंने अब तक आठ मैचों में 12.61 की औसत से 18 विकेट ले लिए हैं और फिलहाल सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उनके बाद इस सूची में हैदराबाद के टी नटराजन हैं, जिन्होंने 15 विकेट चटकाए हैं। IPL में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का रिकॉर्ड (5/40) भी फिलहाल चहल के ही नाम हैं। वह हैट्रिक भी ले चुके हैं।

जानकारी

प्रसिद्ध कृष्णा ने फेंकी सर्वाधिक डॉट गेंदे

राजस्थान के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने अब तक आठ मैचों में 97 डॉट गेंदे की हैं और फिलहाल सबसे ज्यादा डॉट गेंद करने वाले गेंदबाज हैं। उनके बाद इस सूची में कोलकाता के उमेश यादव (93) हैं।

Advertisement