IPL के अगले तीन सीजन के लिए धोनी को रिटेन कर सकती है CSK- रिपोर्ट

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 का आयोजन भारत में होना है, इससे पहले अगले महीने मेगा ऑक्शन होना है। इस बीच रिपोर्ट्स के मुताबिक चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी को अगले तीन सीजन के लिए रिटेन कर सकती है। दूसरी तरफ दिल्ली कैपिटल्स (DC) ऋषभ पंत को अपने साथ बरकरार रख सकती है, जो अगले सीजन में भी कप्तानी कर सकते हैं। आइए इस खबर पर पूरी नजर डालते हैं।
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक CSK धोनी के अलावा रुतुराज गायकवाड़ और रविंद्र जडेजा को रिटेन कर सकती है। इनके अलवा CSK मोईन अली को भी अपने साथ बरकरार रखने का प्रयास कर रही है और अगर वह तैयार नहीं होते हैं, तो सैम कर्रन रिटेन होने वाले चौथे खिलाड़ी हो सकते हैं। वहीं सुरेश रैना नीलामी में नजर आ सकते हैं। बता दें BCCI के नियमों के अनुसार प्रत्येक टीम को अधिकतम चार खिलाड़ियों को रिटेन करने की अनुमति है।
धोनी ने शनिवार को खुलासा किया था कि वह अपना आखिरी टी-20 मैच चेन्नई में खेलेंगे। धोनी ने कहा था, "मुझे उम्मीद है कि मैं अपना आखिरी टी-20 मैच चेन्नई में खेलूंगा, जो अगले साल भी हो सकता है और पांच साल बाद भी।"
दिल्ली कैपिटल्स (DC) ऋषभ पंत, अक्षर पटेल, पृथ्वी शॉ और तेज गेंदबाज एनरिक नोर्खिया को रिटेन कर सकता है। वहीं श्रेयस अय्यर के खुद को ऑक्शन में रखने की संभावना है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अय्यर टीम की कप्तानी करना चाहते हैं, लेकिन DC का टीम प्रबंधन पंत को ही अपना कप्तान बरकरार रखना चाहती है। इसीलिए वह दूसरी फ्रेंचाइजी में जा सकते हैं। बता दें पंत की कप्तानी में DC ने पिछले दो सीजन में अच्छा प्रदर्शन किया है।
माना जा रहा है कि मुंबई इंडियंस (MI) अपने कप्तान रोहित शर्मा और मुख्य तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को रिटेन करेगी। वहीं वेस्टइंडीज के हरफनमौला खिलाड़ी कीरोन पोलार्ड के साथ बातचीत अभी भी जारी है। इनके अलावा फ्रेंचाइजी सूर्यकुमार यादव को नीलामी पूल से खरीदना चाहती है और ईशान किशन को भी अपने साथ बरकरार रख सकती है। बता दें IPL 2021 में MI ने निराशाजनक प्रदर्शन किया था।
भारत के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल के संजीव गोयनका की नई लखनऊ टीम की कप्तानी करने की संभावना है। पता चला है कि राहुल ने पंजाब किंग्स से नाता तोड़ लिया है। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के अपने दो ऑलराउंडर सुनील नारेन और आंद्रे रसेल को बरकरार रखने की संभावना है, जबकि वे वरुण चक्रवर्ती को भी रखना चाहते हैं। इसके अलावा KKR वेंकटेश अय्यर या शुभमन गिल को भी अपने साथ बरकरार रखने की योजना बना रहे हैं।
IPL का अगला संस्करण भारत में खेला जाएगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव जय शाह हाल ही में ये स्पष्ट कर चुके हैं। इस बीच रिपोर्ट्स के मुताबिक बोर्ड 02 अप्रैल 2022 से IPL के अगले संस्करण को शुरू करने की योजना बना रहा है। cricbuzz के मुताबिक BCCI ने आंतरिक रूप से लीग के प्रमुख हितधारकों को बता दिया है कि 02 अप्रैल से अगले संस्करण के शुरुआत होने की संभावना है।