'ये प्रेम मोल लिया' देखकर छलक पड़े अनुपम खेर के आंसू, तारीफ में कही ये बात
क्या है खबर?
सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। रिलीज से पहले अभिनेता अनुपम खेर ने फिल्म देखने के बाद अपना रिव्यू साझा किया है। फिल्म में अहम भूमिका निभाने वाले अनुपम ने इसे बेहतरीन और प्रगतिशील बताया। उन्होंने दर्शकों से इसे जरूर देखने की अपील भी की। साथ ही उन्होंने बताया कि फिल्म देखते समय वह इतने भावुक हो गए कि उनकी आंखों में आंसू आ गए।
तारीफ
अनुपम ने की सूरज की तारीफ
अनुपम ने वीडियो में कहा, "यह शानदार है। वह एक जादूगर हैं। इन्होंने क्या फिल्म बनाई है। इतनी प्रगतिशील और खूबसूरत फिल्म। मुझे पता है कि तारीफ सुनकर सूरज थोड़े असहज हो जाते हैं, लेकिन मैंने उनसे यहीं रुकने के लिए कहा। यह एक ऐसी फिल्म है, जिसे हर भारतीय और हर विदेशी को देखना चाहिए। यह पश्चिमी देशों की किसी भी फिल्म से कहीं अधिक प्रगतिशील है। यह एक ऐसी फिल्म है, जिसकी भावनाएं बिल्कुल सही दिशा में हैं।"
फिल्म
अनुपम ने 'ये प्रेम मोल लिया' को बताया सबसे अच्छे फिल्म
अनुपम ने आगे कहा, "यह आपको कुछ सिखाती है, आपका मनोरंजन करती है, आपकी आंखों में आंसू लाती है और आपको हंसाती भी है। यह सबसे बेहतरीन फिल्मों में से एक है। अगर मुझे अपनी जिंदगी की 10 सबसे अच्छी फिल्मों की सूची बनानी हो, एक अभिनेता के तौर पर नहीं, बल्कि एक ऐसे इंसान के तौर पर जिसने फिल्में देखी हैं, तो यह फिल्म उस सूची में जरूर होगी।"
ट्विटर पोस्ट
पोस्ट यहां देखें
सूरज, क्या फ़िल्म बनाई है आपने!❤️❤️🥹
— Anupam Kher (@AnupamPKher) November 24, 2026
सूरज बड़जात्या उन लोगों में से हैं जिन्हें आज भी पूरा यक़ीन है कि अच्छाई हमेशा काम करती है। और इतने सालों में उनका ये यक़ीन ज़रा भी नहीं बदला। शायद इसलिए कि सूरज ख़ुद अपनी ज़िंदगी में उस अच्छाई को जीते हैं।❤️
कल रात मैंने ‘ये प्रेम मोल लिया’… pic.twitter.com/9znC60Ua2V
उदाहरण
'ये प्रेम मोल लिया' देती है यह उदाहरण
अनुपम ने इस वीडियो को साझा करते हुए लिखा, 'सूरज उन लोगों में से हैं, जो आज भी पूरी तरह मानते हैं कि अच्छाई हमेशा काम आती है। इतने सालों में, उनका यह विश्वास जरा भी नहीं बदला। शायद ऐसा इसलिए है क्योंकि सूरज खुद अपनी जिंदगी में इन मूल्यों को पूरी ईमानदारी से जीते हैं। काफी समय बाद किसी फिल्म में मैंने महिलाओं को अपनी जिंदगी के फैसले खुद लेने की आजादी मिलने का इतना सुंदर उदाहरण देखा है।'
भावुक
'ये प्रेम मोल लिया' देख भावुक हो गए अनुपम
अनुपम ने आगे लिखा, 'सूरज ने इस संदेश को इतनी सहजता से पेश किया है कि आप हंसते भी हो और रोते भी। यह संदेश आपके साथ हमेशा के लिए रह जाता है। काफी लंबे समय बाद मैंने एक ऐसी फिल्म देखी, जिसमें न तो कोई गाली है और न कोई लड़ाई झगड़ा। मेरी आंखों में आंसू आ गए।' इसके साथ ही उन्होंने फिल्म के संगीत, सिनेमैटोग्राफी, आर्ट डायरेक्शन, कॉस्ट्यूम और संवादों की भी तारीफ की।'
स्टार कास्ट
ये है 'ये प्रेम मोल लिया' की स्टार कास्ट
अनुपम ने अपनी बात खत्म करते हुए लिखा, ''ये प्रेम मोल लिया' 27 नवंबर को रिलीज हो रही है। इसे जरूर देखें, आपको यह फिल्म बहुत पसंद आएगी।'
सूरज द्वारा निर्देशित इस रोमांटिक फैमिली ड्रामा में आयुष्मान खुराना और शरवरी के साथ-साथ अनुपम, सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा और सौम्या टंडन मुख्य भूमिकाओं में हैं।
इसमें आयुष्मान, सूरज के बेहद लोकप्रिय 'प्रेम' वाले किरदार में नजर आएंगे। इस फिल्म का संगीत हिमेश रेशमिया ने दिया है।