Page Loader
चेन्नई में अपना आखिरी टी-20 मैच खेलेंगे महेन्द्र सिंह धोनी

चेन्नई में अपना आखिरी टी-20 मैच खेलेंगे महेन्द्र सिंह धोनी

Nov 21, 2021
02:50 pm

क्या है खबर?

पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी ने शनिवार को खुलासा किया कि वह अपना आखिरी टी-20 मैच चेन्नई में खेलेंगे। IPL 2021 में धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को हराकर अपना चौथा खिताब जीता था। इस बीच CSK की जीत का जश्न मनाने के लिए चेन्नई में आयोजित कार्यक्रम के दौरान धोनी ने यह बात कही है। आइए इस पूरी खबर पर एक नजर डालते हैं।

बयान

मुझे उम्मीद है कि मैं अपना आखिरी टी-20 चेन्नई में खेलूंगा- धोनी

CSK ने शनिवार को ट्विटर पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें धोनी अपने करियर के बारे में बात करते हुए नजर आ रहे हैं। धोनी ने कहा, "मैंने अपना आखिरी वनडे मैच होमटाउन रांची में खेला था और मुझे उम्मीद है कि मैं अपना आखिरी टी-20 मैच चेन्नई में खेलूंगा।" हालांकि, धोनी ने अपने संन्यास को लेकर कुछ भी साफतौर पर नहीं कहा। उन्होंने आगे कहा, "मेरा आखिरी मैच अगले साल भी हो सकता है और पांच साल बाद भी।"

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए CSK द्वारा पोस्ट किया गया धोनी का वीडियो

संकेत

धोनी पहले ही दे चुके हैं अगला सीजन खेलने के संकेत

कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 14वें सीजन का फाइनल जीतने के बाद धोनी ने चेन्नई के फैंस को एक बड़ी खुशखबरी दी थी। मैच के बाद हर्षा भोगले ने धोनी से पूछा था कि क्या वह अपने द्वारा छोड़ी गई लेगेसी से संतुष्ट है अथवा नहीं। धोनी ने इसका जवाब यह कहते हुए दिया था कि उन्होंने अभी तक लीग को अलविदा नहीं कहा है। उन्होंने लगातार संकेत दिए हैं कि वह अगला सीजन भी खेलते दिखेंगे।

संघर्ष

बल्लेबाज के तौर पर लगातार संघर्ष कर रहे हैं धोनी

कप्तान के तौर पर भले ही धोनी के लिए पिछला सीजन काफी शानदार रहा, लेकिन एक बल्लेबाज के रूप में वह काफी संघर्ष करते हुए दिखाई दिए थे। IPL 2021 में खेले 16 मैचों की 11 पारियों में धोनी के बल्ले से 16.28 की खराब औसत के साथ केवल 114 रन निकले थे। इस दौरान नाबाद 18 रन धोनी का सर्वोच्च स्कोर रहा। वहीं IPL 2020 में धोनी ने 12 पारियों में केवल 200 रन ही बनाए थे।

कप्तानी

300 टी-20 मैचों में कप्तानी करने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं धोनी

धोनी 300 टी-20 मैचों में कप्तानी करने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं। इस सूची में डैरेन सैमी दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 208 टी-20 मुकाबलों में कप्तानी की है। दिलचस्प बात यह है कि धोनी और सैमी ही ऐसे दो खिलाड़ी हैं जिन्होंने 200 से अधिक टी-20 मैचों में कप्तानी की है। IPL 2021 के दौरान धोनी 200 IPL मैचों में टीम का नेतृत्व करने वाले पहले खिलाड़ी बने थे। उन्होंने बतौर कप्तान सबसे ज्यादा IPL मैच (121) जीते हैं ।