कांग्रेस से सीट बंटवारे की बातचीत के बीच समाजवादी पार्टी ने अपने 5 उम्मीदवार उतारे
क्या है खबर?
कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे की बातचीत के बीच समाजवादी पार्टी (SP) ने उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के लिए अपने 5 उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने सहारनपुर, शामली, अमरोहा और ललितपुर जिले के विधानसभा सीटों पर 5 उम्मीदवारों के नाम तय किए हैं, जिसमें 4 मौजूदा विधायक हैं। SP के उम्मीदवारों के नाम सामने आने से कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने नाराजगी जताई है।
उम्मीदवार
समाजवादी पार्टी के 5 उम्मीदवार
पार्टी ने सहारनपुर की बेहट विधानसभा सीट से उमर अली खान, सहारनपुर सीट से आशु मलिक, शामली के कैराना से नाहिद हसन, अमरोहा सीट से महबूब अली और ललितपुर से ज्योति लोधी को उतारा है।
सूची में उमर अली, आशु मलिक, नाहिद हसन और महबूब अली मौजूदा विधायक हैं। नाहिद 2014 से और महबूब काफी लंबे समय से सीट पर काबिज हैं।
ललितपुर में ज्योति लोधी नया चेहरा हैं। यहां 2022 के चुनाव में भाजपा के रामरतन कुशवाहा जीते थे।
बातचीत
SP ने कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है
SP और कांग्रेस के बीच पिछले 2 दिन से दिल्ली में सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर सीट बंटवारे को लेकर चर्चा चल रही है, जिसमें दोनों पार्टियों से 4-4 लोगों का प्रतिनिधिमंडल शामिल है।
शुरूआत में कांग्रेस ने 180, फिर 130 सीटों की सूची दी थी, जिसे SP ने नहीं माना। उन्होंने कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है।
अभी कांग्रेस और SP के बीच और दौर की बातचीत होगी। चर्चा सभी 403 सीटों पर हो रही है।