Page Loader
राष्ट्रमंडल खेल 2022: भारतीय महिला हॉकी टीम ने कांस्य पदक जीता, न्यूजीलैंड को हराया
भारतीय महिला हॉकी टीम ने कांस्य पदक जीता (तस्वीर: ट्विटर/@thecgf)

राष्ट्रमंडल खेल 2022: भारतीय महिला हॉकी टीम ने कांस्य पदक जीता, न्यूजीलैंड को हराया

Aug 07, 2022
03:42 pm

क्या है खबर?

भारतीय महिला हॉकी टीम ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में कांस्य पदक हासिल किया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ कांस्य पदक के लिए हुए मुकाबले को भारतीय टीम ने शूटआउट में जीता है। भारतीय महिला टीम ने राष्ट्रमंडल खेलों में 16 साल लम्बे अंतराल के बाद पदक जीता है। बता दें पिछली बार 2006 में भारत ने रजत पदक अपने नाम किया था। आइए इस मुकाबले पर एक नजर डालते हैं।

मुकाबला

ऐसा रोचक रहा मुकाबला

मैच का पहला क्वार्टर दोनों टीमों के प्रयासों के बीच गोल रहित रहा। वहीं सलीमा टेटे ने दूसरे क्वार्टर के आखिर में गोल करके टीम को बढ़त में ला दिया। तीसरे क्वार्टर में भी दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकी और भारत की बढ़त बरकरार रही। हालांकि, मैच का समय समाप्त होने से कुछ सेकेंड पहले ओलिविया मेरी ने पेनल्टी स्ट्रोक में गोल करके मैच बराबरी पर ला दिया।

जानकारी

शूटआउट में 2-1 से जीता भारत

पेनल्टी शूटआउट में भारतीय महिला हॉकी टीम की ओर से नवनीत कौर और सोनिका ने गोल किए जबकि न्यूजीलैंड से मेगन हुली ही गोल कर सकी। भारतीय गोलकीपर सविता पूनिया ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टीम को कांस्य दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

इतिहास

राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय महिलाओं ने जीता अपना तीसरा पदक

भारतीय महिला हॉकी टीम का यह राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में सिर्फ तीसरा पदक है। 2002 में मैनचेस्टर में भारत ने फाइनल में इंग्लैंड की महिलाओं को हराकर स्वर्ण पदक जीता था। वहीं 2006 में ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ फाइनल हारने के बाद भारत को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। और अब उन्होंने एक रोमांचक मुकाबले में न्यूजीलैंड को हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया है।

प्रदर्शन

टूर्नामेंट में ऐसा रहा टीम का प्रदर्शन

बर्मिंघम खेल 2022 में इससे पहले भारतीय महिला टीम को अपने सेमीफाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पेनल्टी शूटआउट में हार मिली थी। वहीं भारत ने अपने सबसे पहले मैच में घाना को 5-0 से हराया था जबकि दूसरे मैच में वेल्स पर 3-1 से जीत दर्ज की थी। इसके बाद भारत ने अपने तीसरे मैच में कनाडा को हराकर सेमीफाइनल में अपना स्थान सुनिश्चित किया है।