भारत बनाम वेस्टइंडीज: शाई होप ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपना तीसरा शतक लगाया, ये बनाए रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के कप्तान शाई होप ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ अपना शानदार फॉर्म जारी रखते हुए चौथे टी-20 में भी उम्दा पारी खेली। राजीव गांधी स्टेडियम में उन्होंने नाबाद 102 रन बनाए और यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का कुल तीसरा शतक साबित हुआ। इस बीच वह वेस्टइंडीज की ओर से सर्वाधिक शतक वाले बल्लेबाज बने। उनकी पारी की बदौलत वेस्टइंडीज ने 247/3 का स्कोर बनाया। आइए उनकी पारी और रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
पारी
जोरदार रही होप की पारी
होप ने पारी का तीसरा ओवर करने आए मयंक यादव के खिलाफ एक छक्का और एक चौका लगाया।
उन्होंने भारतीय गेंदबाजों की जमकर खबर लेते हुए सिर्फ 28 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
इस बीच उन्होंने जेवेल एंड्र्यू के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 52 रन और शिमरोन हेटमायर के साथ दूसरे विकेट के लिए 58 रन जोड़े।
उन्होंने पारी की आखिरी गेंद पर अपनी अपना शतक पूरा किया।
वह 50 गेंदों पर 102 रन बनाकर नाबाद रहे।
रिकॉर्ड
होप ने गेल के इस रिकॉर्ड की बराबरी की
होप का यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में कुल 16वां, 50+ रन का स्कोर है।
क्रिकबज के मुताबिक, वह वेस्टइंडीज की ओर से सर्वाधिक 50+ रन बनाने (संयुक्त रूप से) वाले बल्लेबाज बने हैं।
उन्होंने इस मामले में क्रिस गेल (14 अर्धशतक और 2 शतक) की बराबरी की है।
इनके बाद एविन लुईस ने 15 स्कोर और ब्रैंडन किंग ने 14 स्कोर, 50 या उससे अधिक रन के किए हैं।
कप्तान
बतौर कप्तान इस सूची में शामिल हुए होप
होप ने इस मैच से पहले सीरीज में 52, 102* और 5 रन के स्कोर किए थे।
वह टी-20 सीरीज (पूर्ण सदस्यीय देशों की) में संयुक्त रूप से सर्वाधिक 50+ रन बनाने वाले कप्तान बने हैं।
बता दें कि विराट कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ 2021 में, सूर्यकुमार यादव ने न्यूजीलैंड के विरुद्ध 2026 में, साहिबजादा फरहान ने श्रीलंका के खिलाफ 2026 में कप्तानी करते हुए 3-3 पारियों में 50+ रन बनाए थे।
शतक
शतक लगाकर होप ने बनाए ये रिकॉर्ड्स
होप अब वेस्टइंडीज की ओर से सर्वाधिक 3 शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने। बता दें कि गेल और एविन लुईस ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 2-2 शतक लगाए थे।
होप एक द्विपक्षीय टी-20 सीरीज में 2 शतक लगाने वाले पहले कप्तान भी बने।
होप 2,000 टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे करने वाले वेस्टइंडीज के चौथे बल्लेबाज बने। रोवमैन पॉवेल (2,400), निकोलस पूरन (2,275) और ब्रैंडन किंग (2,028) उनसे पहले ऐसा कर चुके थे।
आंकड़े
होप के टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर पर एक नजर
होप ने अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच साल 2017 में खेला था।
उन्होंने अब तक 74 मुकाबले खेले हैं और इसकी 72 पारियों में लगभग 35 की औसत से 2,000 से अधिक रन बनाने में सफल रहे हैं।
उनके बल्ले से 3 शतक और 13 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 102 रन रहा है।
भारत के खिलाफ इस खिलाड़ी ने कमाल का प्रदर्शन किया है। उन्होंने 11 पारियों में 51.50 की औसत से 412 रन बनाए हैं।