भारत ने दूसरे टी-20 में जिम्बाब्वे को हराते हुए सीरीज में अजेय बढ़त बनाई
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम ने दूसरे टी-20 मैच में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम को 90 रन से हराते हुए 3 मैचों की सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बनाई। हरारे में खेले गए मैच में मेहमान टीम ने ईशान किशन (81) और तिलक वर्मा (60*) के अर्धशतकों की मदद से निर्धारित 20 ओवर के बाद 219/5 का स्कोर बनाया। जवाब में मेजबान टीम 129 रन पर ही सिमट गई। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीती भारतीय टीम
भारत से अभिषेक शर्मा (8) के जल्दी आउट होने के बाद वैभव सूर्यवंशी (20) भी बड़ी पारी नहीं खेल सके।
इसके बाद श्रेयस अय्यर ने 25 रन बनाए और फिर किशन और तिलक ने अर्धशतक लगाते हुए टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया।
चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे ब्रायन बेनेट ने 19 गेंदों में 32 रन बनाए। उनके आउट होते ही विकेटों का पतझड़ सा लग गया। अभिषेक शर्मा ने 3 विकेट लिए।
किशन
ईशान किशन ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपना 12वां अर्धशतक लगाया
भारत ने जब 10 रन पर अपना पहला विकेट खोया, तब किशन क्रीज पर आए। उन्होंने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की अच्छी खबर ली और मौके मिलने पर आकर्षक शॉट लगाए।
किशन ने 31 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने कप्तान अय्यर के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 66 रन जोड़े। इसके बाद चौथे विकेट के लिए तिलक के साथ 94 रन जोड़े।
वह 44 गेंदों में 9 चौकों और 2 छक्के की बदौलत 81 रन बनाकर आउट हुए।
तिलक
तिलक वर्मा ने लगाया अपना 9वां अर्धशतक
भारत ने जब 95 रन के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट खोया, तब तिलक क्रीज पर आए।
उन्होंने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और सिर्फ 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
अंत तक बल्लेबाजी करते हुए वह 29 गेंदों में 60 रन बनाकर नाबाद रहे और टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। अपनी पारी में उन्होंने 5 चौके और 3 छक्के लगाए।
यह तिलक के टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का कुल 9वां अर्धशतक साबित हुआ।
बेनेट
बेनेट ने पूरे किए अपने 2,000 टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन
पारी की शुरुआत करते हुए बेनेट 19 गेंदों में 3 चौकों और 3 ही छक्कों की मदद से 32 रन बनाकर आउट हुए।
इस दौरान उन्होंने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 2,000 रन पूरे किए।
वह जिम्बाब्वे की ओर से इस आंकड़े को छूने वाले तीसरे बल्लेबाज बने। उनसे पहले सिकंदर रजा और रयान बर्ल ऐसा कर चुके थे।
बेनेट ने अब तक 63 पारियों में 35.47 की औसत से 2,022 रन बनाए हैं।