भारत ने पहले वनडे में अफगानिस्तान को हराया, ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम ने पहले वनडे में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम को 7 विकेट से हराते हुए 3 मैचों की सीरीज में बढ़त हासिल की। धर्मशाला स्टेडियम में बारिश से प्रभावित मैच 25-25 ओवरों का खेला गया, जिसमें मेहमान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सभी विकेट खोकर 194 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने कप्तान शुभमन गिल की पारी (84*) की मदद से 22.5 ओवर में लक्ष्य हासिल किया। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीती भारतीय टीम
अफगानिस्तान ने 26 रन तक अपने 3 विकेट गंवा दिए। खराब शुरुआत के बाद रहमानुल्लाह गुरबाज ने शतक (102) लगाया। अजमतुल्लाह ओमरजई ने 16 गेंदों में 26 रन की पारी खेली और अफगानिस्तान ने 200 के करीब स्कोर पहुंचाया। जवाब में रोहित शर्मा (16) दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से रन आउट हुए। इसके बाद गिल और ईशान किशन (34) ने 70 रन की साझेदारी की। अंत में केएल राहुल ने 19 गेंदों में नाबाद 39 रन बनाकर जीत में योगदान दिया।
गुरबाज
गुरबाज ने अपने वनडे करियर का 9वां शतक लगाया
अफगानिस्तान ने सिर्फ 16 रन के स्कोर तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में गुरबाज ने अफगान टीम की पारी को संकट से निकाला। उन्होंने बल्लेबाजी के लिए अच्छी नजर आ रही धर्मशाला की पिच पर 48 गेंदों में अपनी पारी को शतक में तब्दील किया। वह 51 गेंदों में 8 चौकों और इतने ही छक्कों की बदौलत 102 रन पर आउट हुए। यह गुरबाज के वनडे करियर का 9वां शतक साबित हुआ।
रिकॉर्ड्स
गुरबाज ने बनाए ये अन्य रिकॉर्ड्स
गुरबाज अब अफगानिस्तान से सबसे तेज वनडे शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने मोहम्मद शहजाद और करीम सादिक का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा। शहजाद ने 72 गेंदों में स्कॉटलैंड के खिलाफ (2010) और सादिक ने 72 ही गेंदों में नीदरलैंड के विरुद्ध (2012) शतक लगाए थे। गुरबाज अब भारत के खिलाफ किसी वनडे मैच में दूसरा सबसे तेज शतक लगाने वाले खिलाड़ी बने हैं। उनसे आगे इस सूची में सिर्फ पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी (45 गेंद, 2005) हैं।
जानकारी
गुरबाज ने पूरे किए 200 अंतरराष्ट्रीय छक्के
गुरबाज ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 200 छक्के भी पूरे किए। वह अफगान टीम से इस आंकड़े को पार करने वाले सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बने। मोहम्मद नबी उनसे ज्यादा छक्के लगा चुके हैं।
रोहित
रोहित शर्मा ने बतौर सलामी बल्लेबाज 16,000 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे किए
रोहित 16 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने सलामी बल्लेबाज के तौर पर 361 पारियों में अपने 16,000 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे किए। भारतीय सलामी बल्लेबाजों में वीरेंद्र सहवाग ने 16,119 अंतरराष्ट्रीय रन बनाए थे। इनमें से कुछ रन सहवाग ने एशिया इलेवन और विश्व इलेवन का प्रतिनिधित्व करते हुए बनाए हैं। श्रीलंका के सनथ जयसूर्या, वेस्टइंडीज के क्रिस गेल और डेसमंड हेंस, ऑस्ट्रेलिया के डेविड वार्नर और दक्षिण अफ्रीका के ग्रीन स्मिथ 16,000+ अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले सलामी बल्लेबाज हैं।
रोहित
रोहित ने ये रिकॉर्ड भी किया अपने नाम
39 साल और 75 दिन की उम्र में रोहित भारत के लिए वनडे खेलने वाले सबसे उम्रदराज पुरुष क्रिकेटर बने हैं। उन्होंने पूर्व भारतीय ऑलराउंडर मोहिंदर अमरनाथ का लंबे समय से कायम रिकॉर्ड तोड़ा है। अमरनाथ ने साल 1989 में 39 साल और 36 दिन की उम्र में भारत के लिए अपना आखिरी वनडे मैच खेला था। यह उपलब्धि रोहित के शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर में एक और बड़ा मुकाम है।
गिल
गिल ने खेली कप्तानी पारी
लक्ष्य का पीछा करते हुए गिल ने बेहतरीन अर्धशतक लगाया। यह उनके वनडे करियर का 18वां अर्धशतक रहा। इस बीच उन्होंने अपने वनडे करियर के 3,000 रन पूरे किए। उन्होंने सिर्फ 62 वनडे पारियों में ये आंकड़ा छूआ है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनसे तेज ये आंकड़ा सिर्फ हाशिम अमला ने छूआ था। वह भारत की ओर से सबसे तेज ये आंकड़ा छूने वाले बल्लेबाज हैं। भारतीय कप्तान 66 गेंदों में 84 रन बनाकर नाबाद रहे।
डेब्यू
गुरनूर बरार और हर्ष दुबे ने डेब्यू में किया कमाल
बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष ने 5 ओवर गेंदबाजी की और 47 रन देकर 3 विकेट लिए। उनकी इकॉनमी रेट 9.40 की रही। इस खिलाड़ी ने हशमतुल्लाह शाहिदी (27), अजमतुल्लाह उमरजई (26) और अल्लाह गजनफर (0) को अपना शिकार बनाया। वहीं, गुरनूर ने 4.5 ओवर गेंदबाजी की और 27 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। उनकी इकॉनमी 5.60 की रही। इस तेज गेंदबाज ने इब्राहिम जादरान (1), राशिद खान (9) और जिया उर रहमान शरीफी (4) को पवेलियन भेजा।