रहमानुल्लाह गुरबाज ने रचा इतिहास, सबसे तेज वनडे शतक लगाने वाले अफगानी बल्लेबाज बने
क्या है खबर?
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के पहले वनडे में शतक (102) लगाया। यह उनके वनडे करियर का नौवां और भारत के खिलाफ पहला शतक साबित हुआ। उन्होंने धर्मशाला स्टेडियम में आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए ये पारी खेली। इस बीच उन्होंने कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी के साथ मिलकर शतकीय साझेदारी भी की। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
गुरबाज ने 48 गेंदों में लगाया शतक
अफगानिस्तान ने सिर्फ 16 रन के स्कोर तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में गुरबाज ने अफगान टीम की पारी को संकट से निकाला। इस बल्लेबाज ने ताबड़तोड़ शैली में बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने बल्लेबाजी के लिए अच्छी नजर आ रही धर्मशाला की पिच पर 48 गेंदों में अपनी पारी को शतक में तब्दील किया। वह 51 गेंदों में 8 चौकों और इतने ही छक्कों की बदौलत 102 रन पर आउट हुए।
जानकारी
गुरबाज ने पूरे किए 200 अंतरराष्ट्रीय छक्के
गुरबाज ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 200 छक्के भी पूरे किए। वह अफगान टीम से इस आंकड़े को पार करने वाले सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बने। मोहम्मद नबी उनसे ज्यादा छक्के लगा चुके हैं।
रिकॉर्ड्स
गुरबाज ने बनाए ये रिकॉर्ड्स
गुरबाज अब अफगानिस्तान से सबसे तेज वनडे शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने मोहम्मद शहजाद और करीम सादिक का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा। शहजाद ने 72 गेंदों में स्कॉटलैंड के खिलाफ (2010) और सादिक ने 72 ही गेंदों में नीदरलैंड के विरुद्ध (2012) शतक लगाए थे। गुरबाज अब भारत के खिलाफ किसी वनडे मैच में दूसरा सबसे तेज शतक लगाने वाले खिलाड़ी बने हैं। उनसे आगे इस सूची में सिर्फ पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी (45 गेंद, 2005) हैं।
साझेदारी
शतकीय साझेदारी बनाकर इस सूची में शामिल हुए गुरबाज
गुरबाज ने शहीदी के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 66 गेंदों में 116 रन की अहम साझेदारी की। यह अफगानिस्तान की ओर से भारत के खिलाफ वनडे प्रारूप में सिर्फ दूसरी शतकीय साझेदारी है। बता दें कि अजमतुल्लाह ओमरजई (62) और हशमतुल्लाह शाहिदी (80) ने वनडे विश्व कप 2023 के दौरान अरुण जेटली स्टेडियम में 121 रन जोड़े थे। भारतीय टीम ने उस मैच को 8 विकेट से जीता था।
करियर
ऐसा है गुरबाज का वनडे करियर
गुरबाज ने अपने वनडे करियर का आगाज साल 2021 में आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ किया था। उन्होंने अब तक 53 मैचों की इतनी ही पारियों में 38.26 की औसत और 89.84 की स्ट्राइक रेट से 1,990 रन बनाए हैं। इस प्रारूप में 151 के उच्चतम स्कोर के साथ उनके नाम 9 शतक और 7 अर्धशतक भी दर्ज हैं। वह अपनी आक्रामक शैली से गेंदबाजों पर दबाव बनाते हैं।