जब 'खलनायक' बनकर पर्दे पर दहाड़े संजय दत्त, किरदारों से लूट लिया जनता का दिल
क्या है खबर?
बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त 29 जुलाई, 2026 को 67 साल के हो गए हैं। वह हिंदी सिनेमा के ऐसे सितारे हैं, जिन्होंने अपने करियर की शुरुआत नायक बनकर की। उनकी 'रॉकी', 'साजन' और 'खूबसूरत' जैसी फिल्में आज भी लोगों के दिलों के बेहद करीब हैं। अब वह फिल्मों में 'खलनायक' बनकर तहलका मचाते हैं। चलिए एक नजर डालते हैं उनकी ऐसी ही फिल्मों पर, जिनमें संजय विलेन बनकर छाए और उन फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर बंपर कमाई की।
#1 & #2
'KGF चैप्टर 2' और 'द राजा साब'
कन्नड़ सुपरस्टार यश की फिल्म 'KGF चैप्टर 2' का नाम सबसे ऊपर आता है।
2022 में रिलीज हुई इस फिल्म में, संजय ने 'अधीरा' नाम के खलनायक का किरदार निभाकर तहलका मचा दिया। इसने बॉक्स ऑफिस पर लगभग 1,250 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।
प्रभास की हॉरर-काॅमेडी फिल्म 'द राजा साब' में, संजय एक बेहद शक्तिशाली और डरावने खलनायक के रूप में नजर आए, जो पहले कभी नहीं देखा गया।
इसने करीब 200 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाए थे।
#3 & #4
'राजा शिवाजी' और 'बागी 4'
रितेश देशमुख की पीरियड ड्रामा फिल्म 'राजा शिवाजी' 2026 में रिलीज हुई थी, जिसने वर्ल्डवाइड करीब 130 करोड़ रुपये कमाए। इसमें संजय ने 'अफजल खान' नाम के खूंखार विलेन का अवतार दिखाया है।
फिल्म में उनकी जबरदस्त टक्कर छत्रपति शिवाजी महाराज बने रितेश से होती है।
वहीं टाइगर श्रॉफ की फिल्म 'बागी 4' में उन्होंने 'चाकू' नाम के एक खूंखार और भारी-भरकम विलेन का किरदार निभाकर पर्दे पर दहाड़ लगाई।
उनके रौद्र रूप की खूब चर्चा और तारीफ हुई थी।
#5 & #6
'धुरंधर फ्रैंचाइजी' और 'खलनायक रिर्टन्स'
रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म 'धुरंधर' फ्रैंचाइजी में, संजय को फिर से निगेटिव किरदार निभाते देखा गया। इसमें उन्होंने 'SP चौधरी असलम' का क्रूर किरदार निभाकर चर्चा बटोरी थी।
इस फ्रैंचाइजी ने दुनियाभर में लगभग 3,100 करोड़ रुपये से ज्यादा कारोबार किया था।
आने वाले समय में अभिनेता अपनी लोकप्रिय फिल्म 'खलनायक' (1993) का सीक्वल लेकर आएंगे और अपने चर्चित किरदार 'बल्लू' को पर्दे पर दोबारा जीवंत करेंगे।
इसका टीजर आ चुका है, लेकिन रिलीज तारीख का ऐलान होना बाकी है।